सरोजिनी नगर में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम आयोजित — बच्चों ने दिखाया नवाचार का जज़्बा
जनपत की खबर Oct 18, 2025 at 06:30 PM , 304लखनऊ, 18 अक्टूबर।
विकासखंड सरोजिनी नगर में आज राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लखनऊ श्री रामप्रवेश ने बच्चों को संबोधित करते हुए उन्हें रचनात्मक सोच विकसित करने और अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विकासखंड में शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी श्री आर.पी. यादव को साधुवाद दिया।
कार्यक्रम में श्री यादव ने सरोजिनी नगर ब्लॉक में हो रही एकेडमिक उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी दी तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में 45 पूर्व माध्यमिक एवं बेसिक विद्यालयों के कुल 142 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित हुई। प्रथम चरण में 142 बच्चों में से 25 विद्यार्थियों का चयन किया गया, जबकि ओपन क्विज राउंड के माध्यम से इनमें से 5 प्रतिभाशाली बच्चों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयनित किया गया।
चयनित प्रतिभागी —
पूर्व माध्यमिक विद्यालय कन्या बरौना से अनुष्का, खुशी एवं साक्षी,
पूर्व माध्यमिक विद्यालय खोली से दृष्टि,
तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय परौर से छवि — रही।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रकाश चंद्र तिवारी एवं उदय प्रताप ने किया।
इसी अवसर पर राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSS) में प्रतिभाग करने वाले 250 विद्यार्थियों को ब्लॉक स्तरीय नोडल अधिकारी शुचिता त्रिपाठी द्वारा निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा संबंधी पुस्तकें भेंट की गईं।
कार्यक्रम में विज्ञान ए.आर.पी. शान्नो राय, गणित ए.आर.पी. भूपेश, सहित अनेक शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने बच्चों में विज्ञान, नवाचार एवं सृजनशीलता के प्रति नई प्रेरणा और उत्साह का संचार किया।































Comments