दीपोत्सव अयोध्या में 26 लाख 11 हजार 101 दीपों से जगमगायेगा सरयू तट

जनपत की खबर , 155

अयोध्या में दीपोत्सव के माध्यम से त्रेतायुग की छवि उतारने का प्रयास 

लखनऊ: 17 अक्टूबर, 2025


मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या इस समय दीपोत्सव की तैयारियों में डूबी है। राम की पैड़ी सहित नगर के अन्य घाटों पर 33,000 स्वयंसेवकों की मदद से दीये बिछाने का काम जारी है। 19 अक्टूबर को 26,11,101 दीप प्रज्ज्वलन के साथ नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किए जाने की तैयारी है। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि राज्य सरकार अयोध्या नगरी के समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास को दोहराते हुए त्रेतायुग की छवि प्रस्तुत करने जा रही है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को अयोध्या के अतीत एवं भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या में जो दीपावली मनाई गयी थी, उसी का प्रतिरूप बनाने का प्रयास किया जा रहा है। 
मंत्री ने बताया कि दीपोत्सव की असली चमक उसकी जन सहभागिता में है। करीब 33,000 वालंटियर जिनमें-छात्र, शिक्षक और स्थानीय संगठन शामिल हैं, अयोध्या के घाटों पर दीयों की सजावट में जुटे हैं। इस कार्य का समन्वय डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय कर रहा है। अयोध्या में 17 अक्टूबर की दोपहर तक घाट-8, 9, 10 और 11 पर सजावट का कार्य लगभग 50 प्रतिशत पूरा हो चुका था। इस दौरान 7-8 लाख दीयों को घाटों पर सजाया जा चुका था। स्वयंसेवक अपने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में मिट्टी के दीयों को न केवल सजाने में जुटे हैं। नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्रा ने बताया कि युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। बच्चों की लगन देखकर स्पष्ट है कि अगली पीढ़ी भी ‘राम काज’ में कितनी गहराई तक जुड़ी है।
दीपोत्सव-2025 के लिए 26 लाख दीयों में से करीब 16 लाख दीये अयोध्या और आसपास के गांवों- जैसे जयसिंहपुर, पुरा बाजार और गोसाईगंज के 40 कुम्हार परिवारों ने अपने हाथों से बनाया है। शेष 10 लाख दीयों की आपूर्ति औद्योगिक इकाइयों, सामाजिक संगठनों, ग्रामीण महिलाओं और प्रदेश की जनता ने मिलकर सुनिश्चित की है। दीप प्रज्ज्वलन के लिए लगभग 55 लाख बत्तियां तैयार की गई हैं। दीपों के लिए 73,000 लीटर तेल का प्रयोग किया जा रहा है। अयोध्या का सरयू तट लाखों दीयों की जगमगाहट के लिए सज रहा है। इस भव्य आयोजन में राम की पैड़ी पर 16 लाख दीये, विस्तारित राम की पैड़ी पर 4.25 लाख दीये, चौधरी चरण सिंह घाट पर 4.75 लाख दीये और भजन संध्या घाट पर 5.25 लाख दीयों की मनमोहक सजावट होगी। इसके अलावा, लक्ष्मण किला घाट और आसपास के घाटों पर 1.25 लाख दीये रोशनी बिखेरेंगे।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व में सरकार और सभी संबंधित अधिकारी दीपोत्सव को भव्य बनाने के काम में जुटे हैं। अयोध्या आने वाले हर आगंतुक को विशेष अनुभव मिले, इसका प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया, 18, 19 और 20 अक्टूबर को आम जनता के लिए 3-डी होलोग्राफिक म्यूजिकल लेजर शो और 1,100 मेक इन इंडिया ड्रोन द्वारा भव्य शो का प्रदर्शन होगा। वहीं, 19 अक्टूबर को 2,100 वेदाचार्यों की महाआरती इस आयोजन का विशेष आकर्षण होगी। 

Related Articles

Comments

Back to Top