डीएम एवं एसपी की अध्यक्षता में पलिया में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन
लखीमपुर खीरी Apr 05, 2025 at 09:53 PM , 122लखीमपुर खीरी। जनपद के प्रत्येक तहसील स्तर पर “संपूर्ण समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी खीरी, श्रीमती दुर्गा शक्ति नागपाल व पुलिस अधीक्षक खीरी, श्री संकल्प शर्मा द्वारा तहसील पलिया पर उपस्थित रहकर "संपूर्ण समाधान दिवस" की अध्यक्षता की गई। इस दौरान फरियादियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर जनशिकायतों की निष्पक्ष जाँच करके विधिक निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध रूप से निस्तारण करने तथा जिन प्रार्थना पत्रों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से किया जाना है उन पर रिपोर्ट लगाकर सम्बंधित अधिकारी को प्रेषित करने के लिए निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी द्वारा अपने-अपने सर्किल की तहसीलों में उपस्थित रहकर जनशिकायतों का निस्तारण कराया गया।
गुड्डी देवी की गुहार पर डीएम का बड़ा एक्शन, कब्जामुक्त कराने भेजी टीम, लेखपाल निलंबित
आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में तहसील पलिया के सभागार में "संपूर्ण समाधान दिवस" आयोजित हुआ। इस अवसर पर डीएम ने एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार, डीएफओ सौरीस सहाय व अन्य अधिकारियों ने आये हुए फरियादियों के समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर जाकर जनशिकायतों की निष्पक्ष जाँच करके समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।
राघव पूरी जंगल नंबर 1 की रहने वाली गुड्डी देवी, हाथ में कागजों का पुलिंदा थामे जब संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची, तो उनके चेहरे पर वर्षों की पीड़ा साफ झलक रही थी। उन्होंने डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के सामने अपनी व्यथा रखते हुए बताया कि विक्रमवन गांव में स्थित उनकी जमीन पर अवैध कब्जा हो चुका है। कई बार गुहार लगाने के बावजूद उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई, और लेखपाल सिर्फ आश्वासन देकर टालते रहे। गुड्डी देवी की आंखों में न्याय की उम्मीद और शब्दों में आक्रोश देख डीएम भी चुप न रह सकी। जब लेखपाल विनीत से जवाब मांगा गया, तो वह कोई ठोस जानकारी नहीं दे सके। डीएम ने तत्क्षण दूसरी टीम को मौके पर भेजकर कब्जा मुक्त कराने का आदेश दिया। लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए डीएम ने एसडीएम को निर्देशित किया कि संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल विनीत को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का निस्तारण करते हुए गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को तत्काल न्याय दिलाते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शासकीय योजनाओं से आच्छादित कर मा. मुख्यमंत्री के निर्देशों को अमलीजामा पहनाया जाय। डीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि जनसुनवाई में आने वाले सभी गरीब, ज़रूरतमन्द तथा असहाय लोगों की हर संभव मदद की जाय तथा उन्हें उनकी पात्रतानुसार लाभान्वित भी किया जाय। आम जनता की शिकायतों, आवेदनों के समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान के लिए शिकायतकर्ता से स्वयं बात करें। पीड़ित/परेशान व्यक्ति की मनोदशा को समझें, उसकी भावना का सम्मान करें और पूरी संवेदनशीलता के साथ उसकी समस्या का समाधान किया जाए।
डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में है, इसलिए सभी अधिकारी रूचि लेकर गुणवत्तायुक्त ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करे। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी। भूमि संबंधी मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर गुणवत्तापरक निस्तारण करें। सुनवाई के दौरान डीएम ने न केवल शिकायत लेकर आए फरियादियों की समस्या सुनकर निदान कराया बल्कि योजनाओं को सोगाते भी दी। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास के पांच लाभार्थियों को चाबी भी प्रदान की गई। डीएम की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 95 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत किये, जिसमें 09 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व 45, पुलिस 19, विकास 06, विद्युत 08, नगर पालिका 03, आपूर्ति 01, अन्य के 13 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें पृष्ठाकिंत कर सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण हेतु उपलब्ध करा दिया। इस दौरान सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, एसडीएम रत्नाकर मिश्रा, सीओ पलिया, पीडी एसएन चौरसिया, डीडीओ दिनकर विद्यार्थी, तहसीलदार आरती सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।






_page-0001.jpg)
























Comments