सीतापुर में मिड-डे मील का राशन न पहुंचाने पर ट्रांसपोर्ट ठेकेदार के खिलाफ FIR के आदेश
अन्य खबरे Sep 10, 2026 at 08:45 PM , 15लखनऊ, 10 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने सरकारी खाद्यान्न वितरण में लापरवाही और अनियमितता के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। सीतापुर में सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था के तहत उचित दर दुकानों के कोटेदारों तक मिड-डे मील का राशन नहीं पहुंचाने के मामले में खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने सीतापुर के जिलाधिकारी को संबंधित परिवहन ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने तथा संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार ने कार्रवाई का दायरा केवल परिवहन ठेकेदार तक सीमित नहीं रखा है। पूरे मामले में खाद्यान्न वितरण की निगरानी और पर्यवेक्षण में यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसकी भी जवाबदेही तय की जाएगी। जांच के दौरान जिस भी स्तर पर लापरवाही सामने आएगी, संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए विभागीय अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण व्यवस्था और अधिक मजबूत करने को कहा है, ताकि खाद्यान्न वितरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।
खाद्य एवं रसद मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप सरकारी खाद्यान्न वितरण में भ्रष्टाचार, लापरवाही अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता और बच्चों के लिए निर्धारित राशन में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बेहद गंभीर मामला है।
मंत्री ने कहा कि संबंधित एजेंसी और अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि निर्धारित खाद्यान्न समय से तय स्थान तक पहुंचाया जाए। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषी पाए जाने वालों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
योगी सरकार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक निर्धारित समय पर पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है।






_page-0001.jpg)




















Comments