*17 सितंबर से 31 दिवसीय सेवा पर्व, तैयारियों को लेकर डीएम ने की अफसरों संग बैठक, दिए निर्देश*
लखीमपुर खीरी Sep 11, 2026 at 08:20 PM , 6*सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में होंगे 12 प्रमुख कार्यक्रम, विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां*
लखीमपुर-खीरी, 11 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में 31 दिवसीय सेवा पर्व आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने और निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक का संचालन सीडीओ अभिषेक कुमार ने किया।
*डीएम बोले, कार्ययोजना के साथ पूरी करें तैयारी*
बैठक की अध्यक्षता करतेहुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यक्रम की विभागवार कार्ययोजना तैयार कर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूर्ण कर ली जाएं। आयोजन स्थल, लाभार्थियों की सहभागिता, प्रचार-प्रसार, आवश्यक संसाधन और विभागीय समन्वय की पहले से तैयारी सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को रूटीन कार्य के रूप में न लिया जाए। 31 दिनों तक चलने वाली यह विस्तृत कार्यक्रम श्रृंखला है, जिसे गंभीरता, पूरी प्रतिबद्धता और नवाचार के साथ आयोजित किया जाए। प्रत्येक कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के साथ उसकी उपयोगिता और प्रभावशीलता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम के लिए संबंधित विभाग की जिम्मेदारी निर्धारित है। अधिकारी अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें और विभागीय समन्वय के साथ कार्यक्रमों को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।
*12 प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए पहुंचेगा सेवा का संदेश : सीडीओ*
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि अभियान के दौरान जिले में 12 प्रमुख कार्यक्रम चरणबद्ध ढंग से आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए संबंधित विभागों और नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। 17 सितंबर को सेवा दिवस के अवसर पर शाम सात बजे लाभार्थियों, नागरिकों तथा प्रमुख बुनियादी ढांचा स्थलों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी दिन से ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ अभियान शुरू होगा। विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश की थीम पर चित्रकला, भाषण, निबंध लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सांस्कृतिक टोलियों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं और माताओं का सम्मान तथा हेल्दी बेबी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
*लाभार्थियों की सफलता की कहानियां होंगी डिजिटल*
‘सेवा की कहानी’ अभियान के तहत 60 सेकंड की रील्स के माध्यम से लाभार्थियों की सफलता की कहानियां संकलित कर पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंडों और नगरीय निकायों में सात दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में मौके पर आवेदन, पात्रता सत्यापन और दिव्यांग कल्याण से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा ‘वड़नगर से वाराणसी यात्रा-जल, जन और सेवा संकल्प’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत श्रमदान, मानव समूह रंगोली, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा 17 अक्टूबर को जनप्रतिनिधियों का ‘सुशासन सेवा संवाद’ आयोजित किया जाएगा। ऐतिहासिक स्मारकों पर लेजर शो, तीर्थ स्थलों पर महायज्ञ तथा ग्राम चौपालों एवं पुस्तकालयों के लोकार्पण जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे। विभिन्न प्रतियोगिताओं के श्रेष्ठ प्रतिभागियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
बताते चलें कि अभियान का उद्देश्य पीएम नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़ी उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही केंद्र सरकार के 12 वर्षों और राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रामाणिक आंकड़ों और उपलब्धियों को जनसामान्य के सामने रखा जाएगा।






_page-0001.jpg)
























Comments