जलभराव की शिकायत पर बीडीओ ने किया आयुष्मान आरोग्य मंदिर मार्ग का निरीक्षण, खड़ंजा डलवाने के दिए निर्देश
लखीमपुर खीरी Sep 11, 2026 at 05:53 PM , 7गोला गोकर्णनाथ खीरी, ब्लॉक कुम्भी क्षेत्र के कस्बा अजान की नई बस्ती में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (होम्योपैथिक चिकित्सालय) तक जाने वाले मार्ग पर जलभराव की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) श्रीश वर्मा ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
बताया गया कि अस्पताल तक पहुंचने वाले रास्ते पर हल्की बरसात में भी पानी भर जाता है, जिससे टीका व दवाई लेने आने वाली गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों सहित आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी चंद्र प्रकाश वर्मा और ग्राम पंचायत प्रशासक विपिन कुमार यादव को मौके पर बुलाकर जलभराव की स्थिति और रास्ते की मौजूदा हालत का जायजा लिया।
निरीक्षण में मिली कमियों पर बीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी को निर्देशित किया कि वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में अस्पताल जाने वाले जलभराव वाले मार्ग पर अतिशीघ्र खड़ंजा डलवाया जाए। साथ ही भविष्य में मिट्टी पटाई कर पक्का रास्ता बनाने के भी निर्देश दिए, ताकि बरसात के दिनों में भी मरीज व आमजन बिना परेशानी के अस्पताल पहुंच सकें।
बीडीओ के निरीक्षण से क्षेत्रवासियों में राहत की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय से कार्य पूर्ण होता है तो बरसात के मौसम में होने वाली परेशानी से निजात मिल जाएगी।






_page-0001.jpg)
























Comments