772 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, खाईं साथ जीने मरने की कसमें

लखीमपुर खीरी , 264

डीएम-एसपी ने जनप्रतिनिधियों संग गिफ्ट के साथ दिया आशीर्वाद, बरसाए फूल


खीरी में गूंजी सद्भाव की शहनाई, एक ही मंडप पर शादी और कुबूल हुआ निकाह


जीआईसी ग्राउंड में 557, निघासन में 215 बेटियों का हुआ ब्याह


लखीमपुर खीरी 23 फरवरी। समाज कल्याण विभाग द्वारा रविवार को जीआईसी ग्राउंड में आयोजित हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 772 जोड़ों ने एक दूसरे जीवन भर के लिए हाथ थाम लिया। जीआईसी ग्राउंड में 557 और निघासन में 215 बेटियों का ब्याह हुआ। जीआईसी ग्राउंड में आयोजित विवाह समारोह के कार्यक्रम में विधायक विनोद शंकर अवस्थी, योगेश वर्मा, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार ने नगर पालिका अध्यक्ष डॉ ईरा श्रीवास्तव, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता, दिव्या सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी तेजस्वी मिश्रा, अन्य जनप्रतिनिधियों संग दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सभी नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम का सफल संयोजन सीडीओ अभिषेक कुमार ने किया।


सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार जिले में खुशियों की शहनाई गूंजी। शहर में जीआईसी ग्राउंड में हुए कार्यक्रम में 557 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। जिसमें 540

हिंदू तथा 17 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक रीति रिवाज एवं मंत्रोच्चार के साथ व मुस्लिम जोड़ों का मुस्लिम रीति रिवाज से निकाह संपन्न कराया। 


डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार ने जनप्रतिनिधियों, अफसरो संग सभी वर-वधू से को उपहार-शगुन किट व आशीर्वाद दिया। जोड़ों के पास पहुंचकर आत्मीय संवाद करते हुए उनका परिचय पूछा, बातचीत कर नए दांपत्य जीवन की शुरूआत के लिए शुभकामना दी। नवविवाहित जोड़ों को प्रमाण पत्र के अलावा सरकार की और से दिये जाने वाला जरूरी सामान भी दिया। डीएम ने अफसरों की टीम संग प्रत्येक जोडे को दिए जाने वाले उपहार की एक-एक सामग्री का स्वयं परीक्षण किया। उपहार की गुणवत्ता ठीक पाई गई। उन्होंने वितरित किए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता भी परखी।


गरीब परिवार की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही सीएम सामूहिक विवाह योजना : डीएम

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने सभी नव दंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवार की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है।उन्होंने सामूहिक विवाह के कार्यक्रम को आनंद का अद्भुत क्षण बताया। यह योजना लोगों के जीवन में खुशहाली ला रही है। दांपत्य जीवन में खुशहाली व गृहस्थी की स्थापना के लिए 35 हजार की धनराशि कन्या के बैंक खाते में भेजी जा रही है। किसी एक शादी में समय निकाल पाना मुश्किल होता है, लेकिन आज का यह आयोजन ऐसा शुभ व बड़ा कार्यक्रम है, जहां मा. जनप्रतिनिधिगण और जिले के आला अधिकारी वर-वधु पक्ष के लोगों का स्वागत करने, नवयुगलों को शुभाशीष देने आए हैं। उन्होंने उनके सुखमय जीवन की कामना की। 


विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना से अब किसी भी मां के आंख में आंसू नहीं होगा कि वह अपनी बेटी की शादी कैसे करे। योगी सरकार ने हर गरीब की बेटी की शादी व्यवस्था के साथ हर घर में शौचालय बनवाकर बहू-बेटियों की इज्जत को बढ़ाया है।


विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि सीएम सामूहिक विवाह का कार्यक्रम डबल इंजन सरकार के प्रयासों और सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार का आयोजन है। दहेज की कुरीति से कई गरीब परिवार विवाह के पवित्र यज्ञ से वंचित हो जाते थे। बाल विवाह से पूरी तरह छुटकारा पाने के साथ दहेज के अत्याचार को समाप्त करने की दिशा में यह आयोजन अभिनव प्रयास है। 


मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब

शहर के जीआईसी मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिली। एक ही प्रांगण में हिंदू और मुस्लिम धर्म के 557 जोड़े एक साथ विवाह के बंधन में बंध गए। एक ओर जहां ब्राह्मण मंत्रोच्चार कर हिंदू जोड़ों का विवाह करा रहे थे, तो वहीं दूसरी ओर मौलाना निकाह पढ़ मुस्लिम जोड़ों का निकाह करा रहे थे। 


विदाई में छलके आंसू

सामूहिक विवाह के बाद जब विदाई की बेला आई तो परिजनों की आंखे छलक उठी। दुल्हन की रोती आंखे माता पिता से दूर जाने का दर्द बयां कर रही थी तो दूसरी ओर नया संसार बसाने के लिए माता पिता उन्हें आशीष भी दे रहे थे। विदाई के दौरान मंडप से सड़क तक खुशियों के आंसू छलकते रहे।


जीवन भर साथ निभाने का संकल्प

वर-वधुओं को मंडप बेदी में आचार्य द्वारा सात फेरे कराने के साथ ही सात वचन भी दिलाए गए और हर वचन का अर्थ व्यवहारिक तौर पर समझाया गया। वर-वधु ने भी एक दूसरे का जीवन भर साथ निभाने और एक दूसरे की भावनाओं का ख्याल रखने का वचन दिया। तीर्थ, व्रत में वाम भाग में स्थान देने, माता पिता का सम्मान, युवा, प्रौढ और वृद्धा अवस्था में साथ निभाने जैसे वचन एक दूसरे ने किए।

-------

कटहरी बाग में गिरे बिजली के तार से बड़े हादसे का खतरा, विद्युत विभाग मौन


लखीमपुर खीरी । गढ़ी पावर हाउस* के अंतर्गत फतेहपुर कटहरी बाग 6 नंबर फीडर में गोपाल इंडस्ट्री के पास विजय कश्यप की प्लॉटिंग के समीप गिरा हुआ बिजली का तार किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दो खंभों के बीच अधिक दूरी होने के कारण तार को असुरक्षित तरीके से बांस से बांधा गया था, जो अब गिर चुका है।

लोगों ने विद्युत विभाग को इस गंभीर समस्या की सूचना कल ही दे दी थी , लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। यह लापरवाही किसी अनहोनी को जन्म दे सकती है।

पहले भी हो चुके हैं हादसे, लेकिन विभाग बेखबर

कुछ महीने पहले ही में महेवागंज में करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई थी। इसके अलावा सैदापुर और सकरन में भी करंट से कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन इस खतरे को नजरअंदाज कर रहा है।

 क्या हादसे का इंतजार कर रहा है विद्युत विभाग? 

क्षेत्रवासियों ने तुरंत नया खंभा लगाने और तार को सुरक्षित तरीके से जोड़ने की मांग की है। यदि इस तार की वजह से कोई दुर्घटना होती है, तो इसके लिए विद्युत विभाग पूरी तरह जिम्मेदार होगा। अब देखने वाली बात यह है कि प्रशासन समय रहते कोई कदम उठाता है या फिर किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा है?

------

भा.कि.म.यू. सिंघानिया संगठन की अदलाबाद में हुई बैठक में काफी संख्या में ग्रामीणों ने ली सदस्यता
लखीमपुर खीरी। भारतीय किसान मजदूर यूनियन सिंघानिया संगठन की आज निघासन की ग्राम पंचायत अदलाबाद में निघासन तहसील अध्यक्ष रामगोपाल राज ग्राम प्रधान के नेतृत्व में बैठक की गई जिसमें भा.कि.म.यू. सिंघानिया संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री नंदकिशोर आर्या व जिला उपाध्यक्ष कमलेश कुमार, जिला विधिक सलाहकार रमेश कुमार भारती, निघासन तहसील सचिव अवधेश कुमार व ब्लॉक निघासन अध्यक्ष चेतराम यादव सहित ब्लॉक रमियाबेहड अध्यक्ष शिव पूजन व अन्य पदाधिकारियों सहित जाकर ग्रामीणों को संगठन के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए सदस्यता दिलाई गई। सदस्यता लेने वाले समस्त किसान मजदूर पुरुष महिलाओं ने संगठन के प्रति रहकर कार्य करने के लिए अपना अपना योगदान देते हुए कहा कि संगठन की मीटिंग कही होगी तो हम सभी पदाधिकारी एवं सदस्य समय से पहुंचकर हर किसान मजदूर गरीबों की लड़ाई में हिस्सा बनकर उनको न्याय दिलाने में पूरी मदद करेंगे।इस अवसर पर भारतीय किसान मजदूर यूनिट सिंघानिया संगठन में अदलाबाद के काफी संख्या में ग्रामीणों ने सदस्यता ली। वही प्रदेश संगठन मंत्री नंदकिशोर आर्या ने बताया अगर संगठन के किसी पदाधिकारी व सदस्य से कोई अधिकारी कर्मचारी अनैतिक तरीके से पेश आएगा तो उसको संगठन को जवाब देना होगा वहीं संगठन के किसी पदाधिकारी व सदस्य का अगर कोई अधिकारी कर्मचारी उनकी पीड़ा को उनकी समस्या को सही ढंग से नहीं निस्तारित करता है तो उन अधिकारियों से सही ढंग से कार्य करवाने के लिए संगठन हमेशा हर समय तैयार रहेगा।

-------

चोरों ने दो घरों को बनाया निशाना नगदी जेवराज समेत लाखों की चोरी 
लखीमपुर खीरी! ग्राम पंचायत कटकुसमा ताबड़तोड़ चोरियों से दहली 
इसी हफ्ते चोरों ने दो घरों को बनाया निशाना नगदी जेवराज समेत लाखों की चोरी 

अभी एक चोरी का नहीं हो सका था खुलासा एक ही हफ्ते में दो घरों को बनाया निशाना 
पुलिस खुलासा नहीं कर पा रही है चोरियों से ग्रामीणो में भय व्याप्त है। अभी एक चोरी का खुलासा नहीं कर सकी है पुलिस कटकुसमा में हुई थी करीब 5 लाख रुपए की चोरी। बीती रात को कोदीपुरवा में एक घर को बनाया निशाना नगदी जेवरात समेत ₹100000 की चोरी नकहा चौकी से महेज 3 किलोमीटर की दूरी पर कटकुसमा ग्राम पंचायत है। 
इससे साफ जाहिर हो रहा है कि पुलिस की सुस्त गस्ती की वजह से चोर चोरियो को अन्जाम दे रहे हैं।फिलहाल खीरी पुलिस द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है।

--------

संत निरंकारी मिशन द्वारा मढिया घाट गोमती तट पर सफाई अभियान चलाया गया 
लखीमपुर खीरी। सन्त निरंकारी मिशन द्वारा 23 फरवरी को गुरू पूजा दिवस के अवसर पर मैगलगंज ब्रांच की ओर से मढिया घाट गोमती तट पर सफाई अभियान चलाया गया इस अवसर पर मैगलगंज और आस पास के निरंकारी संत उपस्थित रहे प्रोजेक्ट अमृत स्वच्छ जल स्वच्छ मन के अन्तर्गत प्राकृतिक स्रोत जो प्रकृति ने हमको मुफ्त में दिया है उनका रख रखाव करना हमारी जिम्मेदारी है प्रदूषण हर हाल में हानिकारक है कुछ ऐसे तत्व जो पानी में मिल जाते हैं और पानी को भी प्रदूषण करते हैं इनको पानी से बाहर निकालना हमारी जिम्मेदारी है गन्दगी नियत जगह पर डाली जाये नदियों आदि से इसको दूर रखा जाए 
इस अवसर पर मढिया घाट के व्यवस्थापक जी भी मौजूद रहे इनका स्वागत मैगलगंज ब्रांच के मुखी निदेश कुमार उर्फ नीशू ने किया सेवादल की मौजूदगी और साध संगत के सहयोग से सेवा सफल रही!
-------

 


पुलिस व वन विभाग की शह पर हरे भरे पेड़ों का हो रहा कटान।

पलियाकलां खीरी । पुलिस व वन विभाग की शह पर हो रहा हरे भरे पेड़ों का अवैध कटान जारी जिम्मेदार अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है।

पिछले महीनों से वन विभाग पर्यावरण संतुलन के लिए तमाम स्कूल सड़को पर जागरूकता रैली निकालकर वृक्ष को बचाने के लिए पौध रोपण करा रहा है, वहीं सरकार द्वारा इसके लिए करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाया भी गया है। बावजूद इसके आम, महुआ, नीम, शीशम व सागौन जैसे पेड़ों को ठेकेदार काटकर उठा ले जाते हैं। वहीं, क्षेत्र में हो रही हरे वृक्षों की कटान के लिए वन विभाग को पुलिस जिम्मेदार ठहराती है। वहीं, वन विभाग हमेशा स्टाफ व संसाधनों का रोना रोता है।
जिले का सबसे अधिक क्षेत्रफल का जंगल है। इनमें शीशम, सागौन जैसे कीमती लकड़ियों के पेड़ मौजूद हैं। लकड़ी काटने वाले वन मुंशी व गार्डों से तालमेल बनाकर जंगलों से शीशम व सागौन के पेड़ काट कर आसपास खुली फर्नीचर की दुकानों पर बेच देते हैं। कई बार क्षेत्रीय लोगों ने जंगलों से काटकर ले जाते लकड़ी पकड़ी और उच्च अधिकारियों को बताया, किन्तु आज तक वन कर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जो कि आज भी जंगलों से लकड़ी बेच रहे हैं। वहीं लगातार चल रही खबरों को भी इग्नोर करतें हुए विभागों में अंगद की तरह पैर जमाए कर्मचारी व अधिकारी इस धंधे को बढ़ावा दे रहे हैं।
-------


मौत का कारोबार: जहर मिलाते हैं ताकि और नशीली बन जाए शराब

पलियाकलां सम्पूर्णानगर (खीरी) 
नशा..ज्यादा नशा..और भी ज्यादा नशा। नशे के चरम का आनंद लेने की यह दौड़ ही शराब को जहरीला कर देती है और पीने वाले की जान लील लेती है। कच्ची शराब का नशा बढ़ाने को माफिया उसे ‘हार्ड’ करते हैं। इसके लिये ऐसे रसायनों और दवाओं को मिलाते हैं जो जानलेवा हैं। अपनी शराब को दूसरों से ज्यादा नशीला बनाने की इस होड़ में माफिया यह भूल जाते हैं कि उनका कारनामा किसी की जान भी ले सकता है। यही कारण है कि कच्ची शराब तैयार करने की भट्टियां खेतों और जंगल में चोरी छिपे बना ली जाती हैं।
सम्पूर्णानगर थाना क्षेत्र के विभिन्न हल्के के गांव में कच्ची शराब का धंधा चरम पर है गस्त कर रही पुलिस आबकारी विभाग की टीमें भी सेटिंग की जगहों पर कार्रवाई नहीं करती है जिससे यह धंधा फल फूल रहा है। 

ऐसे तैयार होती है ‘जहरीली’ शराब
गुड़ का शीरा, बेशरम का पत्ता, नीम की पत्ती आदि को मिलाकर इसे सड़ाने को जमीन में गाड़ दिया जाता है। करीब 10-15 दिन में यह सड़ जाता है तो इसे निकालकर भट्ठी पर पकाया जाता है। इसके बाद शुरू होता है तैयार शराब को नशीला बनाने का खेल। इसके लिए मिथाइल मिलाया जाता है। यदि कहीं मिथाइल नहीं मिलता तो नौसादर, यूरिया और वा¨शग पाउडर मिलाकर शराब तैयार की जाती है। अधिक नशीला बनाने को एलप्रेक्स समेत अन्य नशीली गोलियां घोलकर मिला दी जाती हैं। इस मिश्रण को भट्टी में उबालते समय जो भाप निकलती है, उसे एक पाइप के जरिए एक बर्तन में एकत्र कर लिया जाता है। जो कि ठंडी होकर लिक्विड का रूप ले लेती है। यही कच्ची शराब होती है।
ड्राई फ्रूट और फ्रूट से भी बन रही जहरीली शराब
पहले कच्ची शराब साधारण तरीके से बनाई जाती थी। लेकिन अब ड्राई फ्रूट और फ्रूट से स्पेशल कच्ची शराब तैयार करके उसे भी नशीला करने को जहर मिलाया जा रहा है। इसे पीने वाले स्पेशल शराब के नाम से जानते हैं। हालांकि इसे बनाने का भी तरीका देशी शराब की ही तरह है। फलों से देसी शराब बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के फलों को एक साथ मिलाया जाता है। इसे हार्ड बनाने के लिए नौसादर, आक्सीटोसिन व यूरिया आदि का इस्तेमाल किया जाता है। इसकी मांग भी अच्छी है। स्पेशल शराब का रेट कच्ची शराब से कहीं अधिक होता है। जहां कच्ची शराब का रेट अस्सी से सौ रुपये प्रति बोतल होता है वहीं, फलों व ड्राइफ्रूट से तैयार की गई स्पेशल शराब का रेट लगभग 200 से 250 प्रति बोतल तक होता है।
पूरे शरीर को जकड़ लेती है जहरीली शराब

जानकार डाक्टर का कहना है कि सामान्य शराब में इथाइल अल्कोहल होता है, जो जानलेवा नहीं होता। किंतु शराब में मेथेनॉल मिलाने से यह जहर बन जाता है। 15 एमएल से ज्यादा मेथेनॉल शरीर में पहुंचते ही केमिकल रिएक्शन शुरू कर देता है। यह फार्मेल्डिहाइड में बदलने के साथ ही तेजी से फार्मिक एसिड बनाने लगता है। इससे शरीर का मेटाबोलिज्म टूट जाता है। सबसे पहले एल्कोहलिक रेटिनोपैथी से आंख की रोशनी जाती है। रक्त में अम्ल घुलने से ब्रेन, किडनी, हार्ट एवं लंग्स सभी खराब होने लगते हैं। हाइपोक्सिया-‘खून में आक्सीजन खत्म’ होने से मरीजों का ब्लडप्रेशर बैठ जाने से मौत हो जाती है।

Related Articles

Comments

Back to Top