*राष्ट्रीय खेल दिवस : डीएम ने विजेता टीमों को किया पुरस्कृत, बढ़ाया उत्साह*

लखीमपुर खीरी , 139

*फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी और खो-खो में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम*

लखीमपुर खीरी 29 अगस्त। स्पोर्ट्स स्टेडियम लालपुर में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी के जन्म जयन्ती “राष्ट्रीय खेल दिवस” उत्साह, उल्लास, उमंग के साथ मनाया गया। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने जिला कमांडेंट होमगार्ड दिनेश चंद्र पांडेय, उप क्रीड़ाधिकारी मो. इरफान की उपस्थिति में मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी व खो-खो प्रतियोगिता में विजेता, उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि मेजर ध्यान चंद की प्रेरणादायी उपलब्धियों एवं उनके अद्वितीय कौशल ने भारत को वैश्विक खेल जगत में एक विशिष्ट स्थान दिलाया है। वे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए चिरकालिक प्रेरणास्रोत हैं। खेलों से बच्चों का पूर्ण शारीरिक व मानसिक विकास होता है। हर क्षेत्र के लिए अच्छी प्रतिस्पर्धा खेल का मैदान ही सीखता है। विजयी होने पर अभिमान नही आना चाहिए और हारने पर अपने प्रतिद्वंदी के विरूद्ध ईष्या का भाव भी नही आनी चाहिए। विजयी होने से ज्यादा अपनी जीत को बरकरार रखता महत्वपूर्ण होता है। 

उप क्रीड़ाधिकारी मो. इरफान ने हॉकी के जादूगर नाम से विख्यात मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस को खेल दिवस के रूप में मनाए जाने की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य के लिए खेल कितना आवश्यक है इसकी उपयोगिता बताई। विद्यार्थियों में अच्छे गुण जैसे अनुशासन नेतृत्व की टीम भावना, प्रतिस्पर्धा की भावना, निर्णय लेने की क्षमता आदि को विकसित करना इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद जी के कृतित्व व्यक्तित्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच, निर्णायक मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।

*डीएम ने खिलाड़ियों से किया संवाद, दिलाई शपथ*
खेल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने मौजूद खिलाड़ियों से संवाद करके मेजर ध्यानचंद जी के जीवन वृत पर आधारित कई सवालपूछे। जिनका सही जवाब देने पर उत्साहवर्धन भी किया।  इस दौरान उन्होंने मौजूद खिलाड़ियों को खेलो इंडिया की शपथ भी दिलाई।

*खेल दिवस पर आयोजित प्रतियोगिताओं का परिणाम एक नजर में...*
खो-खो बालिका वर्ग में यूपीएस पनगीकला विजेता एवं जीजीआईसी उपविजेता रही। फुटबॉल में स्टेडियम-ए विजेता एवं इंस्पायर पब्लिक स्कूल उपविजेता रही। हाकी प्रतियोगिता में खेलो इंडिया सेंटर बी विजेता, खेलो इंडिया सेंटर ए उपविजेता रही। वॉलीबॉल में मझगई क्लब विजेता और मिनी क्लब उपविजेता रही।

Related Articles

Comments

Back to Top