आयुष्मान गोल्डन कार्ड की जमीनी हकीकत जानने ग्राम फत्तेपुर पहुंचे सीएमओ
लखीमपुर खीरी Dec 01, 2021 at 08:14 PM , 208लखीमपुर-खीरी। आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना की प्रगति जानने के लिए सीएमओ डॉ. शैलेन्द्र भटनागर ने ब्लाक लखीमपुर के ग्राम पंचायत सैधरी के गांव फत्तेपुर का औचक निरीक्षण किया। यहाँ आयोजित आयुष्मान कैंप की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान आयुष्मान भारत जिला स्तरीय टीम से जिला शिकायत प्रबंधक अनुज प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे। निरीक्षण संबधी जानकारी देते हुए सीएमओ डॉ. शैलेन्द्र भटनागर ने बताया कि कैंप में ग्राम प्रधान, कोटेदार, आशा संगिनी द्वारा समन्वय स्थापित करते हुए आशा, आशा संगिनी द्वारा अन्त्योदय कार्ड धारकों के लाभार्थियों को आयुष्मान कैंप पर बुलाया जा रहा था तथा आयुष्मान मित्र प्रवीण द्वारा उनके आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाये जा रहे थे। सीएमओ द्वारा ग्राम प्रधान उत्तम कुमार वर्मा तथा कोटेदार राम गोपाल को आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी कि आयुष्मान गोल्डन कार्ड से परिवार का 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज किसी भी आयुष्मान सूचीबद्ध चिकित्सालय में हो सकता है तथा अपने जिले में प्राइवेट श्रेणी में 10 अस्पताल तथा सरकारी श्रेणी में 17 चिकित्सालय सूचीबद्ध है। मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रभारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली डॉ. सुधीर को अपने क्षेत्र के शत प्रतिशत आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने हेतु निर्देशित करते हुए समस्त एएनएम को लक्ष्य निर्धारित करने हेतु निर्देशित किया। उक्त कैंप में अन्त्योदय कार्ड धारक परिवार की संख्या 389 थी जिसके सापेक्ष 152 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बना दिए गए थे। आयुष्मान कैंप के दौरान डीजीएम अनुज प्रताप सिंह, प्रभारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, देवकली सुधीर, ग्राम प्रधान उत्तम कुमार वर्मा, कोटेदार राम गोपाल, एएनएम एवं आशा बहनें उपस्थित रहीं।






_page-0001.jpg)
























Comments