40 लाख की ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार पलिया-दुधवा रोड पर रात में पुलिस ने की कार्रवाई, 186.57 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

लखीमपुर खीरी , 1

पलियाकलां-खीरी। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अन्तर्गत पलिया कोतवाली पुलिस ने आज फिर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे अब 16 अभियुक्तों को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार करके जेल भेज चुके हैं। आज रविवार की सुबह दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग के निर्देशन में पलिया कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पलिया-दुधवा रोड पर स्थित कर्नल बिली अर्जुन सिंह स्मृति द्वार से पहले पुलिया के पास से नगर के मोहल्ला किसान प्रथम निवासी कुनाल गुप्ता पुत्र विशाल गुप्ता एवं मोहल्ला रंगरेजान द्वितीय निवासी अनुराग कश्यप पुत्र रामगोपाल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से 186.57 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।
प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे ने बताया कि कुनाल के पास से 93.88 ग्राम और अनुराग के पास से 92.69 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गयी है। उन्होंने बताया कि अनुराग कश्यप का अपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्ष निशा शुक्ला, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश, कांस्टेबल अतुल त्रिपाठी, शनि यादव, रोहित भडाना एवं रामभूल शामिल रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top