*मैगलगंज डाकघर का सिस्टम नाकाम, समय पर जमा नहीं हो पा रही ग्राहकों की रकम*
लखीमपुर खीरी Oct 05, 2026 at 06:40 PM , 0*RD और सुकन्या जैसी योजनाओं में पैसा जमा करने के लिए ग्राहक परेशान, चाहकर भी नहीं कर पा रहे समय पर भुगतान*
*बीते एक वर्ष से अधिक समय से बनी समस्या, महीनों से डाकघर के चक्कर काटने को मजबूर खाताधारक*
*मैगलगंज, खीरी।* मैगलगंज स्थित डाकघर की कार्यप्रणाली को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। सबसे बड़ी समस्या RD (रिकरिंग डिपॉजिट), सुकन्या समृद्धि योजना और अन्य बचत योजनाओं में समय पर धनराशि जमा न हो पाना बताई जा रही है। ग्राहक अपनी किस्त समय से जमा करना चाहते हैं, लेकिन डाकघर की व्यवस्था और सिस्टम में आ रही दिक्कतों के चलते उन्हें चाहकर भी भुगतान करने का मौका नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय खाताधारकों का कहना है कि यह समस्या बीते एक वर्ष से भी अधिक समय से बनी हुई है। कई ग्राहक अपनी निर्धारित किस्त जमा करने के लिए डाकघर पहुंचते हैं, लेकिन तकनीकी अथवा सिस्टम संबंधी समस्या के कारण उनका लेन-देन नहीं हो पाता। इसके बाद उन्हें दोबारा डाकघर के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
सबसे अधिक परेशानी उन ग्राहकों को हो रही है, जिन्होंने RD और सुकन्या समृद्धि जैसी नियमित जमा वाली योजनाओं में खाते खुलवा रखे हैं। इन योजनाओं में समय पर राशि जमा करना जरूरी होता है, लेकिन डाकघर की व्यवस्था बाधित होने से ग्राहक अपनी जिम्मेदारी पूरी करना चाहते हुए भी असहाय नजर आ रहे हैं।
ग्राहकों का कहना है कि जब पैसा जमा करने के लिए ग्राहक तैयार है, तो विभागीय सिस्टम की खराबी का खामियाजा आखिर ग्राहक क्यों भुगते? लंबे समय से चली आ रही समस्या के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।
इसके अलावा जमा-निकासी सहित अन्य सेवाओं के लिए भी लोगों को बार-बार डाकघर के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले ग्राहकों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है।
अब उपभोक्ताओं द्वारा संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से मैगलगंज डाकघर की तकनीकी एवं कार्यप्रणाली संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान कराने, RD व सुकन्या सहित सभी बचत योजनाओं में समय पर जमा की सुविधा सुनिश्चित कराने तथा लंबे समय से चली आ रही समस्या की जांच कराने की मांग हो रही है।






_page-0001.jpg)
























Comments