*लंबे समय से एक ही जगह तैनाती, फिर भी कानून व्यवस्था पर सवाल।*

लखीमपुर खीरी , 0

*पलिया से सम्पूर्णानगर तक पुलिसकर्मियों की लंबी तैनाती चर्चा में, तस्करी और अपराध पर नकेल कसने में नाकामी के आरोप*

पलियाकलां/सम्पूर्णानगर। सीमावर्ती क्षेत्र में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात पुलिसकर्मियों को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। पलिया क्षेत्राधिकारी कार्यालय में लंबे समय से एक महिला दीवान की तैनाती चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं सम्पूर्णानगर थाने में दरोगा अमरपाल के करीब दस वर्षों से तैनात रहने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से एक ही क्षेत्र में तैनाती के बावजूद क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।

*सीमावर्ती क्षेत्र में तस्करी पर सवाल*

सम्पूर्णानगर नगर और भारत-नेपाल सीमा से जुड़े इलाकों में मिट्टी-बालू के अवैध खनन के साथ-साथ अखरोट, लौंग, इलायची, छुआरा, चाइनीज फल, सेब और मटर समेत विभिन्न वस्तुओं की कथित तस्करी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर लगातार चर्चाएं हैं कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियां सक्रिय हैं, लेकिन जिम्मेदार एजेंसियां इन पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही हैं।
तस्करी और अवैध खनन की शिकायतों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई न होने से सीमावर्ती विभाग भी सवालों के घेरे में आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करी के नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

*पलिया चौकी की कानून व्यवस्था पर भी उठे सवाल*

वहीं पलिया चौकी पर लंबे समय से तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी बताई जा रही है। आरोप है कि क्षेत्र में बाइक चोरी, लूट, मोबाइल झपटमारी, नशीले पदार्थों की बिक्री, ब्राउन शुगर और मेडिकल नशे के कारोबार जैसी शिकायतें सामने आती रहती हैं।
इसके अलावा डग्गामार वाहनों के संचालन और रात के समय नशेड़ियों के जमावड़े को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ होटलों के आसपास देर रात तक शराबियों का जमावड़ा रहता है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल, उच्चाधिकारियों से जांच की मांग
एक ही स्थान पर लंबे समय से तैनाती को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस विभाग में समय-समय पर स्थानांतरण की व्यवस्था इसलिए की जाती है, ताकि कानून व्यवस्था बेहतर बनी रहे और किसी कर्मचारी की स्थानीय स्तर पर अत्यधिक पकड़ न बन सके।
अब मांग उठ रही है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात पुलिसकर्मियों की तैनाती की समीक्षा कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र में कथित तस्करी, अवैध खनन, नशीले पदार्थों और बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Comments

Back to Top