लखनऊ में अधिवक्ताओं के चेंबर तोड़े जाने पर बवाल, आत्महत्या के प्रयास से मचा हड़कंप
लखनऊ May 17, 2026 at 12:55 PM , 2लखनऊ। राजधानी में हाईकोर्ट के आदेश पर कलेक्ट्रेट से लेकर स्वास्थ्य भवन चौराहे तक अधिवक्ताओं के चेंबर हटाने की कार्रवाई रविवार को भारी विवाद का कारण बन गई। Lucknow Development Authority और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के विरोध में अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अधिवक्ता ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चेंबर तोड़े जाने से नाराज अधिवक्ता ने अपने चैंबर के भीतर फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और अन्य अधिवक्ताओं ने तत्काल बगल का चैंबर तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और उनकी जान बचाई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में कलेक्ट्रेट से स्वास्थ्य भवन चौराहे तक अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि बिना समुचित वैकल्पिक व्यवस्था के उनके चैंबर तोड़े जा रहे हैं, जिससे उनके रोजगार और पेशे पर सीधा असर पड़ेगा।
घटना के बाद अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। कई अधिवक्ता धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। कलेक्ट्रेट परिसर और कैसरबाग क्षेत्र में देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे तथा अधिवक्ताओं को समझाने का प्रयास करते रहे। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।































Comments