*काकोरी में एलडीए की टीम पर हमला करने वालों पर एफआईआर*

लखनऊ , 23

काकोरी में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए निरीक्षण करने गयी एलडीए की टीम पर निर्माणकर्ता व उसके साथियों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। इस मामले में पीड़ित कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ काकोरी थाने में एफ0आई0आर0 दर्ज करायी है।
 
   प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि निराली व अन्य द्वारा काकोरी में मोहान रोड पर शिवरी चौराहे के पास लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे उक्त अवैध निर्माण के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए दिनांक-13.04.2026 को सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में दिनांक-24.04.2026 को प्रवर्तन टीम द्वारा निर्माणाधीन कॉम्पलेक्स को सील कर दिया गया था। साथ ही प्रश्नगत स्थल की निगरानी के सम्बंध में काकोरी पुलिस को पत्र भी भेजा गया था। 

  जोनल अधिकारी ने बताया कि प्रवर्तन जोन-3 में तैनात सुपरवाइजर प्रदीप कुमार व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पियूष गुरूवार दोपहर क्षेत्र में सील भवनों का निरीक्षण करने गये थे। इस दौरान कर्मचारियों द्वारा उक्त अवैध निर्माण की फोटोग्राफ ली जा रही थी। तभी निर्माणकर्ता के पक्ष से निराले, यशू, राहुल, शिवधर्म समेत अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने प्रदीप व पियूष को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और दोबारा क्षेत्र में आने पर पुनः हमले की धमकी दी। 

 उक्त प्रकरण में उपाध्यक्ष महोदय द्वारा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिये गये थे। जिस पर पीड़ित कर्मचारी प्रदीप एवं पियूष ने हमलावरों के खिलाफ काकोरी थाने में एफ0आई0आर0 दर्ज करायी है।

Related Articles

Comments

Back to Top