आंधी-बारिश से बदला यूपी का मिजाज, लखनऊ समेत कई जिलों में झमाझम बारिश से गर्मी से राहत

लखनऊ , 20

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में सोमवार तड़के मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी लखनऊ समेत अयोध्या, अंबेडकर नगर और आसपास के कई जिलों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। कई स्थानों पर तेज हवाओं के कारण पेड़ की शाखाएं टूटकर गिरीं और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। मौसम विभाग ने लखनऊ व आसपास के जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। 
सुबह होते ही कई इलाकों में आसमान पर घने बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज बारिश के चलते शहर के अनेक हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। अचानक बदले मौसम से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया। 
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का यह बदला हुआ रुख 6 मई तक बना रह सकता है। 4 मई से फिर एक बार कई जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। 
लगातार बदलते मौसम ने जहां एक ओर लोगों को तपती गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं और बिजली बाधित होने से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने स्थानीय अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के निर्देश दिए हैं। 

Related Articles

Comments

Back to Top