UP शिक्षा सेवा चयन आयोग की सहायक आचार्य पुनर्परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न, AI निगरानी और OMR स्कैनिंग से पारदर्शिता बढ़ी
लखनऊ Apr 19, 2026 at 06:57 PM , 18लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा सहायक आचार्य भर्ती (विज्ञापन संख्या-51) की लिखित पुनर्परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को प्रदेश के 6 जिलों में बनाए गए 50 परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक आयोजित की गई। परीक्षा 16 विषयों के लिए दो पालियों में संपन्न हुई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक चली।
परीक्षा प्रक्रिया को नकलविहीन, निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाने के लिए आयोग ने पहली बार AI इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की। AI कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी गई, जिससे पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रही।
इसके साथ ही प्रयागराज में पायलट प्रोजेक्ट के तहत 5 परीक्षा केंद्रों पर OMR शीट की स्कैनिंग परीक्षा समाप्त होते ही अभ्यर्थियों और कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति में कराई गई। इस नई व्यवस्था से परीक्षा परिणाम प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने स्वयं तीन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आयोग के अनुसार 18 और 19 अप्रैल 2026 को आयोजित दोनों दिनों की परीक्षा में कुल 39,192 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें 18 अप्रैल को 19,718 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जिनमें 41.35 प्रतिशत महिलाएं और 58.64 प्रतिशत पुरुष थे। वहीं 19 अप्रैल को 19,474 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 30.93 प्रतिशत महिलाएं और 69.07 प्रतिशत पुरुष शामिल रहे।
आयोग की ओर से अपनाई गई हाईटेक निगरानी और पारदर्शी व्यवस्थाओं को देखते हुए यह परीक्षा प्रदेश की भर्ती परीक्षाओं के लिए एक नया मॉडल मानी जा रही है।































Comments