भजनलाल शर्मा का बड़ा फैसला: ‘तीर्थराज पुष्कर’ बनेगा विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन केंद्र, सौंदर्यीकरण व सुविधाओं के विस्तार के निर्देश

राजस्थान , 45

जयपुर।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में ‘तीर्थराज’ पुष्कर के समग्र विकास को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि पुष्कर की पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए इसे विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए।
बैठक के दौरान पुष्कर सरोवर के घाटों के सौंदर्यीकरण, ब्रह्मा मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों के विकास और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तीर्थ पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छता, सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं का बेहतर अनुभव मिले।
उन्होंने कहा कि पुष्कर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में यहां आधारभूत संरचना के विकास के साथ-साथ तीर्थाटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध कार्य किया जाए।
बैठक में केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही पुष्कर तीर्थ के साधु-संत, महंत एवं स्थानीय नागरिकों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने साधु-महंतों का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही तीर्थराज पुष्कर की गरिमा और परंपरा को संरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
यह पहल राज्य में धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top