विशेष टीईटी परीक्षा देने वाले शिक्षकों को 3 नवंबर को मिलेगा विशेष अवकाश, शासन ने जारी किए निर्देश

अन्य खबरे , 32

**लखनऊ।** उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) में शामिल होने वाले सेवारत शिक्षकों और स्पेशल एजूकेटर्स को बड़ी राहत दी है। शासन ने 3 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा की तिथि के लिए विशेष अवकाश स्वीकृत करने का निर्णय लिया है।
 
इस संबंध में शासन स्तर से 30 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या-03/2026 के तहत विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा की लिखित परीक्षा 3 नवंबर को दो पालियों में आयोजित कराई जाएगी।
 
परीक्षा प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों आगरा, गोरखपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी में बनाए गए विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 131 परीक्षा केंद्रों पर होगी।
 
**दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा**
 
विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा की पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।
 
शासन ने इस संबंध में सम्यक विचार-विमर्श के बाद परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले सेवारत शिक्षक एवं स्पेशल एजूकेटर्स अभ्यर्थियों को 3 नवंबर को विशेष अवकाश देने का निर्णय लिया है।
 
जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्णय के अनुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस निर्णय से परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षक अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन विद्यालयी दायित्वों से अवकाश मिल सकेगा और वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

Related Articles

Comments

Back to Top