बलिया खाद्यान्न घोटाले में 20 साल बाद कोटेदार गिरफ्तार, 53.50 लाख रुपये के सरकारी खाद्यान्न घोटाले का है मामला
अन्य खबरे Oct 30, 2026 at 04:37 PM , 31**बलिया।** बहुचर्चित बलिया खाद्यान्न घोटाले में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दो दशक से वांछित चल रहे कोटेदार जलेश्वर राम को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त को 30 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे बलिया जनपद के बांसडीह क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त जलेश्वर राम पुत्र भगवान राम ग्राम श्रीपतिपुर, थाना दोकटी, जनपद बलिया का निवासी है। घटना के समय वह कोटेदार के पद पर कार्यरत था। EOW के अनुसार, अभियुक्त पर फर्जी मास्टर रोल के आधार पर फर्जी श्रमिकों के नाम से खाद्यान्न वितरण दर्शाकर सरकारी खाद्यान्न का दुरुपयोग करने का आरोप है।
**2002 से 2005 के बीच हुआ था घोटाला**
EOW की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2002-03 से 2004-05 के मध्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना के तहत बलिया के मुरलीछपरा विकास खंड के विभिन्न गांवों में नाली, खड़ंजा, पटरी मरम्मत, संपर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य, सीसी रोड और पुलिया निर्माण जैसे कार्य प्रस्तावित थे।
इन कार्यों में लगे मजदूरों को मजदूरी के बदले खाद्यान्न (चावल) और नकद धनराशि उपलब्ध कराई जानी थी। आरोप है कि अभियुक्तों ने फर्जी मास्टर रोल तैयार कर वास्तविक मजदूरों को खाद्यान्न एवं नकद धनराशि वितरित नहीं की और फर्जी श्रमिकों के नाम पर वितरण दर्शाकर सरकारी धन एवं खाद्यान्न का दुरुपयोग किया।
इस पूरे प्रकरण में लगभग 53 लाख 50 हजार 75 रुपये की सरकारी क्षति होने का उल्लेख किया गया है।
**इस मामले में दर्ज हुए थे 43 मुकदमे**
खाद्यान्न घोटाले के इस प्रकरण में कुल 43 मुकदमे दर्ज किए गए थे। मुकदमा अपराध संख्या 18/2006, थाना दोकटी, जनपद बलिया से संबंधित मामले की विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने की बात EOW ने कही है।
**विशेष न्यायालय में किया जाएगा पेश**
वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत EOW टीम ने जलेश्वर राम को गिरफ्तार किया। अब उसे विशेष न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय, आजमगढ़ के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
EOW की इस कार्रवाई को बलिया के बहुचर्चित खाद्यान्न घोटाले से जुड़े पुराने मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के अभियान का हिस्सा बताया गया है।






_page-0001.jpg)




















Comments