*प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ अगले हफ्ते आरोप पत्र जारी करेगी कांग्रेस*
राष्ट्रीय Dec 08, 2021 at 04:42 PM , 314लखनऊ।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस पार्टी अगले हफ्ते उसके खिलाफ आरोप पत्र जारी करेगी। कांग्रेस पार्टी की चार्जशीट कमेटी इस आरोप पत्र को जनता के बीच ले जाने के लिए जिलों में प्रेस कांफ्रेंस करेगी। इसके लिए जिलों में नुक्कड़ सभाएं भी की जाएंगी।कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को पार्टी की चार्जशीट कमेटी के साथ बैठक की। विधानसभा चुनाव में जनता के बीच सरकार को कठघरे में खड़ा करने के उद्देश्य से पार्टी ने चार्जशीट कमेटी गठित की है। कमेटी के अध्यक्ष आचार्य प्रमोद कृष्णम के मुताबिक 'आरोप पत्र योगी सरकार के 'गुनाहों' का दस्तावेज होगा। इसमें सरकार की ओर से अब तक किये गए गलत कार्य गिनाए जाएंगे।' अगले हफ्ते इसे जारी करने के बाद जनता के बीच ले जाया जाएगा। अभियान में वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।इससे पहले काग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में चुनाव रणनीति समिति के साथ बैठक की। बैठक के बाद समिति के अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने बताया कि लोगों के बीच पहुंच बढ़ाने के लिए पार्टी अपने पुराने नेताओं व कार्यकर्ताओं के अनुभवों का लाभ लेगी। पार्टी हर जिले में सम्मेलन आयोजित करेगी जिसमें सभी को आमंत्रित किया जाएगा।































Comments