भाजपा को पचा नहीं पा रही हैं विपक्षी पार्टियां :मोदी

हेडलाइंस , 513

नई दिल्ली। संसद के दोनों सदनों में कई मसलों को लेकर चल रहे हंगामे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस सहित कई विपक्षी पार्टियों पर हमला किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्षी पार्टियां भाजपा को पचा नहीं पा रही हैं। उन्होंने कांग्रेस के व्यवहार को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। प्रधानमंत्री ने आम आदमी पार्टी को भी निशाना बनाया और कहा कि दिल्ली में 20 फीसदी से ज्यादा फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका नहीं लगा है। संसद के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- विपक्षी दल हमें पचा नहीं पा रहा है। कांग्रेस का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण और गैरजिम्मेदाराना है। बैठक में मौजूद नेताओं के मुताबिक मोदी ने कहा- कांग्रेस हमें पचा नहीं पा रही है और वो जान बूझकर नकारात्मक माहौल बनाती है, जबकि सच्चाई ये है कि देश मे वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। कांग्रेस मानती है कि सत्ता में रहना उसका अधिकार है। मोदी ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि आज भी दिल्ली में 20 फीसदी फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन नहीं लगना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा- कांग्रेस को अपने खिसकते जनाधार की चिंता नहीं है, वो सब जगह खत्म हो रही है लेकिन उन्हें अपनी नहीं हमारी चिंता ज्यादा है। मोदी ने कहा- कांग्रेस असम, बंगाल और केरल में हार गई फिर भी उसकी नींद नहीं खुली है। कोरोना जैसी महामारी सौ साल बाद आई है। पहले लोग बीमारी और भुखमरी से ज्यादा मरते थे। हम मानवता और कर्तव्य भावना से 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को खाना खिला रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय जनता पार्टी के सांसदों से कहा कि लोगों को सच बताते रहें ताकि कांग्रेस के दुष्प्रचार का मुक़ाबला हो सके। प्रधानमंत्री ने कहा- भाजपा सांसद 24-25 जुलाई को पीडीएस की दुकानों पर जाएं, जहां 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जाएगा। सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत गरीबों को नवंबर तक मुफ्त राशन देने का ऐलान किया है।

Related Articles

Comments

Back to Top