स्कूल खोले जा सकते हैं, सीरो सर्वे में बड़ी संख्या में बच्चों में कोरोना एंडीबॉडी मिली

हेडलाइंस , 561

नई दिल्ली। इंडियन कौंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च यानी आईसीएमआर की ओर से जून-जुलाई में कराए गए सीरो सर्वेक्षण की रिपोर्ट आने के बाद अब स्कूल खोले जाने की संभावना बढ़ गई है। इसका कारण यह है सीरे सर्वे में पता चला है कि बड़ी संख्या में बच्चे कोरोना से संक्रमित होकर ठीक हो चुके हैं। छोटे बच्चों में भी एंडीबॉडी मिली है। तभी आईसीएमआर ने भी कहा है कि स्कूल खोले जा सकते हैं. आपको बता दें कि बीते डेढ़ साल से स्कूल नहीं जा पा रहे बच्चों और पहली बार स्कूल जाने योग्य हुए बच्चों का मानसिक विकास बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। मनोवैज्ञानिकों ने भी इसे एक आगामी खतरा बताते हुए प्रभावी उपायों की ओर इशारा किया है। देखने वाली बात है कि कब तक स्कूल खुलेंगे। सीरो सर्वे की रिपोर्ट जारी करते समय एक सवाल के जवाब में आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि स्कूल खोले जा सकते हैं, क्योंकि छोटे बच्चों में व्यस्कों की तुलना में संक्रमण का खतरा कम है। उन्होंने बताया कि यूरोप के कई देशों में कोरोना के बढ़ते मामलों के बावजूद भी स्कूल खोले गए हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि शुरुआती दौर में प्राइमरी स्कूल खोलने चाहिए, इसके बाद सेकेंडरी स्कूल खोले जा सकते हैं।डॉ. भार्गव ने बताया कि व्यस्कों की तुलना में छोटे बच्चे वायरस को बहुत आसानी से हैंडल करते हैं। उन्होंने कहा- छोटे बच्चों के लंग्स में वे रिसेप्टर्स कम होते हैं, जहां वायरस अटैक करता है। इसके साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि अगर स्कूल खोले जाते हैं तो शिक्षकों से लेकर सभी सभी कर्मचारी पूरी तरह वैक्सीनेटेड होने चाहिए। साथ ही कोरोना के नियमों का पूरी तरह पालन होना चाहिए। हालांकि यह फैसला जिला और राज्य स्तर पर लिया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top