धर्मेंद्र चंदेल के परिवार में 13 लोग कोरोनावायरस से संक्रमित, नोएडा मीडिया क्लब के कई सदस्य संक्रमित हुए
अन्य खबरे Apr 22, 2021 at 08:14 PM , 748नोयडा।
गौतमबुद्ध नगर में कोरोनावायरस का संक्रमण तेजी के साथ पांव पसार रहा है। आलम यह है कि अब इक्का-दुक्का नहीं पूरे के पूरे परिवार इस महामारी की चपेट में आ गए हैं। गौतमबुद्ध नगर में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चंदेल का पूरा परिवार संक्रमण की चपेट में है। इस वक्त उनके परिवार के 13 लोग वायरस से संक्रमित हैं। गुरुवार को धर्मेंद्र चंदेल की माताजी भी संक्रमण की चपेट में आ गई हैं। उनका कोरोनावायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है। ट्विटर पर एक ट्वीट के जरिए धर्मेंद्र चंदेल ने खुद यह जानकारी साझा की है। दूसरी ओर ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब के कई सदस्य संक्रमित हैं। नोएडा मीडिया क्लब के सदस्य और नवभारत टाइम्स के छायाकार रवि यादव के पिता का बुधवार को निधन हुआ है।
घर में पहले से 12 लोग कोरोना संक्रमित हैं। अब माताजी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, घर पर ही उनका इलाज शुरू करा दिया है।
कोरोनावायरस के संक्रमण ने फ्रंटलाइन वर्कर्स को बड़ी संख्या में गिरफ्त में लिया है। जिससे पत्रकार भी अछूते नहीं है। गौतमबुद्ध नगर जिले में कई पत्रकार कोरोनावायरस का संक्रमण होने के कारण मर चुके हैं। पिछले दिनों हिंदुस्तान टाइम्स के सीनियर जर्नलिस्ट कपिल दत्ता की दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई थी। बुधवार को नोएडा नवभारत टाइम्स के छायाकार और नोएडा मीडिया क्लब के सदस्य रवि यादव के पिता मंगतराम यादव का बुलंदशहर में निधन हो गया। मंगतराम यादव भी कोरोनावायरस से संक्रमित थे।
दूसरी ओर ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब के अध्यक्ष और गौतमबुद्ध नगर दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चंदेल का पूरा परिवार कोरोनावायरस की चपेट में है। धर्मेंद्र चंदेल ने गुरुवार की सुबह एक ट्वीट के जरिए जानकारी दी कि उनके परिवार के 13 सदस्य संक्रमण की चपेट में हैं। धर्मेंद्र चंदेल की माताजी भी वायरस से संक्रमित हो गई हैं। इससे पहले उनके दो भाई, भतीजे भतीजी और परिवार के अन्य सदस्य संक्रमित हैं। ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब के सदस्य और एबीपी न्यूज़ के संवाददाता रविंद्र जयंत को स्थिति बिगड़ने पर मंगलवार को यथार्थ अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। फिलहाल उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब के एक अन्य सदस्य कैलाश और उनके परिवार के कई मेंबर संक्रमित हो गए हैं। नोएडा मीडिया क्लब के संस्थापक सदस्य ईश्वर चंद भी कोरोनावायरस की चपेट में हैं।
नोएडा मीडिया क्लब के महासचिव विनोद राजपूत ने कहा, "हम लोग लगातार अपने सभी सदस्यों को सुरक्षित रहने के लिए एडवाइजरी जारी कर रहे हैं। हम लोगों का काम ऐसा है कि नहीं चाहकर भी आम आदमी के पास जाना पड़ता है। ऐसे में बचाव के सभी जरूरी उपाय किए जाते हैं, लेकिन कई बार अनजाने में कोई गलती हो जाती है। हमारे फोटोजर्नलिस्ट और वीडियो जर्नलिस्ट रोजाना अस्पतालों, अंतिम संस्कार स्थलों और घटना-दुर्घटना स्थलों पर जाने के लिए मजबूर हैं। हेल्थ रिपोर्टर और क्राइम रिपोर्टर लगातार फील्ड में काम कर रहे हैं। ज्यादातर यही लोग संक्रमण की चपेट में हैं। दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों के चलते हमारे कई सीनियर साथियों का संक्रमण के चलते निधन भी हुआ है। उनकी कमी हमें हमेशा खलती रहेगी।



























Comments