नोएडा बहलोलपुर गांव में फिर लगी आग, 8 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काबू पाया, लोगों में दहशत
अन्य खबरे Apr 21, 2021 at 03:55 PM , 375नोयडा।
नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में बुधवार दोपहर को एक कबाड़े के गोदाम में भयंकर आग लग गई। आग की सूचना पाकर वहां पहुंची दमकल विभाग की 8 गाड़ियों ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के चलते आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया था।
मुख्य दमकल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बहलोलपुर गांव में एक कबाड़ी का गोदाम है। इस गोदाम में बुधवार दोपहर को अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सीएफओ ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर दमकल विभाग की 8 गाड़ियां पहुंची। 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जहां पर आग लगी थी, वहां पर घनी बस्ती है। इस आग के चलते आसपास के लोगों में दहशत व्याप्त हो गई थी। दमकल विभाग ने आग को फैलने से रोक लिया है।
आपको बता दें कि आज से करीब 10 दिन पहले इसी गांव में एक बस्ती में आग लग गई थी। जिसमें सैकड़ों झुग्गियां जलकर राख हो गई थी। उस हादसे में दो मासूमों की मौत भी हो गई थी। उस हादसे को बहलोलपुर अग्निकांड का नाम दिया गया है। बहलोलपुर की झुग्गियों में लगी आग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख व्यतीत किया था। उन्होंने जिलाधिकारी सुहास एलवाई को पीड़ित लोगों की हर संभव मदद करने का आदेश दिया था।



























Comments