**मेटा के अलर्ट पर 7 मिनट में युवक के घर पहुंची बाराबंकी पुलिस, बचाई जान*

अन्य खबरे , 34

**बाराबंकी।** सोशल मीडिया पर आत्महत्या से जुड़ी पोस्ट की सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस की तत्परता से बाराबंकी में 20 वर्षीय युवक की जान बचा ली गई। इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी वीडियो पोस्ट किए जाने के बाद मेटा से मिले अलर्ट के आधार पर पुलिस मुख्यालय ने तत्काल कार्रवाई की और **सिर्फ सात मिनट में थाना मसौली की पुलिस युवक तक पहुंच गई।**
 
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त को मसौली थाना क्षेत्र निवासी युवक ने नहर के किनारे जाकर इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में वह आत्महत्या करने की बात कह रहा था। शाम करीब **6:23 बजे मेटा की ओर से पुलिस महानिदेशक मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के जरिए अलर्ट** प्राप्त हुआ।
 
अलर्ट मिलते ही पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश **राजीव कृष्ण** के निर्देश पर मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर ने उपलब्ध मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की लोकेशन ट्रेस की और बाराबंकी पुलिस को तत्काल सूचना दी।
 
सूचना मिलते ही थाना मसौली के **उपनिरीक्षक राशिद, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र यादव और कांस्टेबल दीप सिंह** महज सात मिनट में युवक तक पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने उसे नहर किनारे बैठा और रोते हुए पाया। वह बेहद तनाव और अवसाद की स्थिति में था। पुलिस ने उसे तत्काल नहर से दूर किया और समझाकर घर ले आई।
 
### **पारिवारिक विवाद के बाद तनाव में था युवक**
 
पुलिस की पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मजदूरी करता है और परिवार में विवाद के बाद मानसिक तनाव में था। इसी भावनात्मक स्थिति में उसके मन में आत्महत्या के विचार आए और उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया।
 
पुलिसकर्मियों ने युवक की काउंसलिंग की और उसके परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। काउंसलिंग के बाद युवक ने भविष्य में ऐसा कोई कदम नहीं उठाने का आश्वासन दिया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की।
 
### **अब तक 3562 लोगों की बचाई जा चुकी है जान**
 
उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा के बीच वर्ष 2022 से जारी व्यवस्था के तहत फेसबुक या इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से संबंधित पोस्ट होने पर मेटा की ओर से पुलिस को ई-मेल और फोन के जरिए अलर्ट भेजा जाता है। पुलिस के अनुसार, **1 जनवरी 2023 से 31 जुलाई 2026 तक ऐसे अलर्ट पर कार्रवाई करते हुए 3562 लोगों की जान बचाई जा चुकी है।**
 
उत्तर प्रदेश पुलिस को मेटा के साथ इस आत्महत्या अलर्ट व्यवस्था के लिए **SKOCH Award-2025** और **The Economic Times GovTech Awards-2026** से भी सम्मानित किया जा चुका है।

Related Articles

Comments

Back to Top