**चीन से भारत का आयात बढ़कर 131.63 अरब डॉलर पहुंचा, राज्यसभा में सरकार ने दिए आंकड़े**
अन्य खबरे Aug 10, 2026 at 09:35 PM , 38**नई दिल्ली।** चीन से भारत के आयात में लगातार बढ़ोतरी का मामला राज्यसभा में सामने आया है। राज्यसभा सांसद मनोज झा की ओर से 7 अगस्त 2026 को पूछे गए सवाल के जवाब में वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद की ओर से दिए गए आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष **2025-26 में चीन से भारत का आयात बढ़कर 131.63 अरब डॉलर** हो गया।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक वित्त वर्ष **2021-22 में चीन से भारत का आयात 94.57 अरब डॉलर** था। इस तरह चार वर्षों में चीन से आयात में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत के कुल आयात में चीन की हिस्सेदारी भी बढ़ी है। वित्त वर्ष 2021-22 में यह **15.43 प्रतिशत** थी, जो 2025-26 में बढ़कर **16.96 प्रतिशत** हो गई।
चीन से बढ़ते आयात के आंकड़े ऐसे समय सामने आए हैं, जब केंद्र सरकार घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने, आयात पर निर्भरता कम करने और **‘मेक इन इंडिया’ तथा आत्मनिर्भर भारत** को बढ़ावा देने पर जोर देती रही है।
आंकड़ों से संकेत मिलता है कि इन प्रयासों के बावजूद चीन से भारत के आयात में कमी आने के बजाय पिछले कुछ वर्षों में बढ़ोतरी हुई है। इससे चीन पर व्यापारिक निर्भरता को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो सकती है।



























Comments