6,252 नवचयनित लेखपालों की विभागीय अर्हकारी परीक्षा का परिणाम घोषित, राजस्व सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
अन्य खबरे Aug 03, 2026 at 08:35 PM , 14लखनऊ, 3 अगस्त। उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद ने सीधी भर्ती के माध्यम से चयनित 6,252 नवचयनित प्रशिक्षु लेखपालों की विभागीय अर्हकारी परीक्षा-2025 का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया। परीक्षा परिणाम जारी होने के साथ ही प्रशिक्षु लेखपालों की सेवा संबंधी आगामी प्रक्रिया भी तेज होगी।
इन प्रशिक्षु लेखपालों को लखनऊ, आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर, महोबा, प्रयागराज, बिजनौर, बरेली और फिरोजाबाद स्थित मंडलीय राजस्व प्रशिक्षण विद्यालयों में निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद विभागीय अर्हकारी परीक्षा आयोजित की गई थी।
राजस्व परिषद ने सभी मंडलीय राजस्व प्रशिक्षण विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि प्रशिक्षु लेखपालों के प्राप्तांकों के आधार पर नियमानुसार अंक-पत्र तैयार कर संबंधित जिलाधिकारियों के माध्यम से उनका शीघ्र वितरण सुनिश्चित किया जाए।
राजस्व परिषद का कहना है कि प्रशिक्षित लेखपालों की उपलब्धता से भूमि अभिलेखों के रखरखाव, नामांतरण, सीमांकन, विरासत, अंश निर्धारण, त्रुटि सुधार तथा अन्य राजस्व मामलों के समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण को नई गति मिलेगी, जिससे प्रदेश की राजस्व व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनेगी।
राजस्व परिषद की अध्यक्ष अर्चना अग्रवाल ने सभी सफल प्रशिक्षु लेखपालों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व के साथ करें। उन्होंने कहा कि लेखपाल राजस्व प्रशासन और आम नागरिक के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग कर वे राजस्व सेवाओं को अधिक सरल, सुलभ और जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



























Comments