GNSS रोवर तकनीक से भूमि सीमांकन का सफल प्रदर्शन, राजस्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह दिलेर ने सराहा

जनपत की खबर , 15

मोहनलालगंज में आधुनिक रोवर तकनीक और पारंपरिक जरीब पद्धति के परिणाम मिले समान, भूमि विवादों के समाधान में मिलेगी तेजी

लखनऊ, 3 अगस्त। जनपद लखनऊ की तहसील मोहनलालगंज के ग्राम करोरवा में सोमवार को आधुनिक GNSS रोवर तकनीक के माध्यम से भूमि सीमांकन का सफल प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में राजस्व राज्यमंत्री सुरेन्द्र सिंह दिलेर तथा राजस्व परिषद के अधिकारी राजेश रंजन (आईएएस) की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा-24 के तहत सीमांकन प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

तहसील मोहनलालगंज की राजस्व टीम ने भूमि का सीमांकन आधुनिक GNSS रोवर मशीन तथा पारंपरिक जरीब पद्धति दोनों माध्यमों से किया। दोनों विधियों से प्राप्त परिणामों के सत्यापन में भूमि सीमाएं समान और सटीक पाई गईं, जिससे रोवर तकनीक की विश्वसनीयता की पुष्टि हुई।

राजस्व राज्यमंत्री सुरेन्द्र सिंह दिलेर ने स्वयं रोवर उपकरण की कार्यप्रणाली और तकनीकी शुद्धता का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि रोवर तकनीक भूमि सीमांकन को अधिक सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध बनाएगी, जिससे भूमि संबंधी विवादों में कमी आएगी और राजस्व प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राजस्व व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए लगातार तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा दे रही है। इससे नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं अधिक तेज, निष्पक्ष और सुगमता से उपलब्ध होंगी।

राज्यमंत्री ने राजस्व परिषद, जिला प्रशासन एवं तहसील की राजस्व टीम की सराहना करते हुए कहा कि रोवर तकनीक के प्रभावी उपयोग से धारा-24 के सीमांकन मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी, भूमि विवाद कम होंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व अभिलेखों की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी मोहनलालगंज आकाश सिंह, तहसीलदार ऋतुराज शुक्ला, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल तथा राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने भी आधुनिक तकनीक से किए गए सीमांकन कार्य की सराहना की।

Related Articles

Comments

Back to Top