मुस्लिम बुनकरों की फ्लैट रेट बिजली बिल की मांग पर सरकार गंभीर, मंत्रियों ने प्रतिनिधियों संग किया मंथन

अन्य खबरे , 27

मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर खादी भवन में हुई अहम बैठक, बुनकरों की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के मुस्लिम बुनकरों की लंबे समय से लंबित बिजली बिल फ्लैट रेट की मांग सहित अन्य समस्याओं पर सोमवार को लखनऊ स्थित खादी भवन सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आज़ाद अंसारी, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान तथा राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए बुनकर प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की।

बैठक में बुनकर प्रतिनिधियों ने बिजली की बढ़ती लागत, उत्पादन पर पड़ रहे आर्थिक प्रभाव, फ्लैट रेट बिजली व्यवस्था लागू करने और पारंपरिक बुनकरी उद्योग को प्रोत्साहन देने से जुड़े कई सुझाव मंत्रियों के समक्ष रखे। मंत्रियों ने प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार बुनकरों के हितों की रक्षा और उनके व्यवसाय को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

राज्यमंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारंपरिक बुनकरी उद्योग को सशक्त बनाने, बुनकर परिवारों की आजीविका को सुरक्षित रखने तथा उनकी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बैठक में प्राप्त सुझावों और मांगों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध बुनकरी परंपरा राज्य की सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान है। सरकार इस उद्योग को अधिक प्रतिस्पर्धी, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस बैठक में बुनकर प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं पर गंभीरता से विचार किए जाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उपस्थित मंत्रियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक को बुनकरों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top