गुरु पूर्णिमा पर गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ करेंगे गुरु पूजन, शिष्यों को देंगे आशीर्वाद
जनपत की खबर Jul 28, 2026 at 06:58 PM , 21गोरखनाथ मंदिर में सुबह 5 बजे से शुरू होंगे विशेष अनुष्ठान, सप्तदिवसीय श्रीराम कथा की होगी पूर्णाहुति, भंडारे का भी आयोजन
लखनऊ/गोरखपुर, 28 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का विधि-विधान से विशेष पूजन करेंगे। इस दौरान नाथपंथ की परंपरा के अनुसार आदिगुरु गोरखनाथ को रोट अर्पित कर गुरुजनों के प्रति श्रद्धा अर्पित की जाएगी। अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर साधु-संतों एवं अपने शिष्यों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 5 बजे से होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्वप्रथम गुरु गोरखनाथ का पूजन करेंगे, जिसके बाद श्रीनाथ जी को रोट अर्पित किया जाएगा। इसके उपरांत मंदिर परिसर में स्थित सभी देव विग्रहों, नाथपंथ के योगियों तथा ब्रह्मलीन महंतों की समाधियों पर भी विशेष पूजन-अर्चन किया जाएगा। सभी अनुष्ठानों का समापन सामूहिक आरती के साथ होगा।
गुरु पूजन के पश्चात सुबह लगभग 9 बजे से 11:30 बजे तक महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में 23 जुलाई से चल रही सप्तदिवसीय श्रीराम कथा की पूर्णाहुति होगी। इसके बाद आशीर्वचन एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं और शिष्यों को गोरक्षपीठाधीश्वर का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दोपहर 12:30 बजे से सहभोज (भंडारा) का भी आयोजन किया गया है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।































Comments