योगी सरकार की बड़ी पहल: तकनीकी छात्रों के लिए केंद्रीकृत प्लेसमेंट पोर्टल लॉन्च, एक क्लिक पर मिलेगा रोजगार का अवसर
जनपत की खबर Jul 21, 2026 at 07:03 PM , 17छात्र, संस्थान और उद्योग एक डिजिटल मंच पर आएंगे; ऑनलाइन आवेदन, रिज्यूमे बिल्डर और प्लेसमेंट ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने और तकनीकी शिक्षा को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्राविधिक शिक्षा मंत्री ने मंगलवार को विधानसभा स्थित अपने कार्यालय में केंद्रीकृत प्लेसमेंट पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल छात्रों, तकनीकी संस्थानों, विश्वविद्यालयों और उद्योगों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ते हुए प्लेसमेंट प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनाएगा।
नई व्यवस्था के तहत उद्योग और कंपनियां अपनी रिक्तियां, रोजगार के अवसर और भर्ती संबंधी जानकारी सीधे पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगी। वहीं छात्र अपनी प्रोफाइल और प्रोफेशनल रिज्यूमे तैयार कर विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पोर्टल पर पात्रता, आवेदन की अंतिम तिथि, कंपनी प्रोफाइल और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध रहेंगी।
पोर्टल पर कंपनियों के लिए अलग डैशबोर्ड तैयार किया गया है, जहां वे पंजीकरण कर नई भर्तियों की सूचना जारी कर सकेंगी, योग्य अभ्यर्थियों के रिज्यूमे फिल्टर कर डाउनलोड कर सकेंगी और चयनित छात्रों की जानकारी भी देख सकेंगी। इससे उद्योगों को प्रशिक्षित और योग्य युवाओं तक आसानी से पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
छात्रों को पोर्टल पर रिज्यूमे बिल्डर की सुविधा भी मिलेगी। वे अपनी शैक्षणिक योग्यता, सेमेस्टरवार उपलब्धियां, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप, तकनीकी कौशल और कार्य अनुभव जैसी जानकारियां दर्ज कर प्रोफेशनल रिज्यूमे तैयार कर सकेंगे तथा अपनी योग्यता के अनुरूप विभिन्न कंपनियों में आवेदन कर सकेंगे।
शैक्षणिक संस्थानों और विश्वविद्यालयों को भी पोर्टल के माध्यम से प्लेसमेंट प्रबंधन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। संस्थान प्लेसमेंट से जुड़े आंकड़ों का रिकॉर्ड रख सकेंगे, चयनित छात्रों का विवरण देख सकेंगे, रिज्यूमे एक्सपोर्ट कर सकेंगे और पूरी प्लेसमेंट प्रक्रिया की डिजिटल मॉनिटरिंग कर पाएंगे।
सरकार का मानना है कि इस केंद्रीकृत प्लेसमेंट पोर्टल से तकनीकी शिक्षा संस्थानों, उद्योगों और विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इससे प्लेसमेंट प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी और युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अधिक अवसर मिल सकेंगे। योगी सरकार का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप कुशल बनाकर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।































Comments