विश्व युवा कौशल दिवस पर CM योगी का बड़ा संदेश: 9 वर्षों में 20 लाख युवाओं को मिला कौशल प्रशिक्षण, 12.50 लाख को रोजगार

जनपत की खबर , 33

लखनऊ। विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में कौशल विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया तथा 'कौशलम' पुस्तिका का विमोचन किया। इस पुस्तिका में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की कौशल विकास से जुड़ी प्रमुख उपलब्धियों और योजनाओं का संकलन किया गया है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 युवाओं को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कौशल आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि योगी सरकार के पिछले 9 वर्षों में 20 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें से 12.50 लाख युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ। वर्ष 2026-27 में 10 लाख युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मंत्री ने बताया कि विभाग का बजट 9 गुना बढ़ाकर 3310 करोड़ रुपये किया गया है। वहीं, टाटा समूह के साथ 7000 करोड़ रुपये के CSR समझौते के तहत प्रदेश की 225 आईटीआई को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसे आधुनिक ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही 'ब्लू डॉट' सॉफ्टवेयर विकसित किया गया है, जहां युवा अपना बायोडाटा अपलोड कर सकते हैं और कंपनियां सीधे उनसे संपर्क कर सकेंगी।

कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि 'प्रोजेक्ट प्रवीण' के माध्यम से स्कूली विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर पर ही कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं 'जीरो पॉवर्टी' योजना के तहत गरीब परिवारों के युवाओं, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए विशेष कौशल एवं रोजगार अभियान संचालित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में कृष्ण कुमार साहू, भावना दुबे, ज्ञान प्रकाश वर्मा, राजरानी और शुभ्रा विश्वास सहित कई युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कौशल प्रशिक्षण ने उनके जीवन में रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर प्रदान किए हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top