'एक राष्ट्र, एक चुनाव' पर लखनऊ में जेपीसी की अहम बैठक, अनुराग ठाकुर बोले- संसाधनों की होगी बचत, शासन में आएगी निरंतरता

अन्य खबरे , 52

लखनऊ। 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' (One Nation, One Election) विषय पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (JPC) ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जेपीसी सदस्य अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संविधान (129वां संशोधन) विधेयक-2024 के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP), मुख्य निर्वाचन अधिकारी (Chief Electoral Officer) सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और समिति के समक्ष अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए। प्रमुख अधिकारियों में अमृत अभिजात, संजय प्रसाद, दीपक कुमार और अमित कुमार घोष भी शामिल रहे।

यह बैठक संविधान (129वां संशोधन) विधेयक-2024 के अध्ययन (स्टडी विजिट) के तहत आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के विभिन्न हितधारकों से सुझाव प्राप्त किए गए।

बैठक के बाद अनुराग ठाकुर ने कहा कि 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' व्यवस्था लागू होने से देश में चुनावी प्रक्रिया पर होने वाले भारी खर्च और संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि बार-बार लागू होने वाली आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) के कारण विकास कार्यों पर पड़ने वाला प्रभाव भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव होने से सुशासन (गवर्नेंस) में अधिक निरंतरता आएगी और सरकारें विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगी। अनुराग ठाकुर ने इस विषय पर उत्तर प्रदेश के सभी हितधारकों द्वारा दिए गए रचनात्मक सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सहभागिता इस प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाएगी।

बैठक में प्राप्त सुझावों और विचारों को संयुक्त संसदीय समिति अपनी रिपोर्ट में शामिल करेगी, जिसके आधार पर संविधान (129वां संशोधन) विधेयक-2024 पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top