**लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे राष्ट्र को समर्पित, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के लिए मांगा 23 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर; नितिन गडकरी ने दी मंजूरी**
अन्य खबरे Jul 13, 2026 at 08:05 PM , 47**लखनऊ।** केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री **नितिन गडकरी** और रक्षा मंत्री **राजनाथ सिंह** ने रविवार को **लखनऊ-कानपुर 6-लेन एक्सप्रेसवे** का लोकार्पण किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि **कानपुर से लखनऊ तक आधुनिक हाईवे के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी।** जैसे ही यह प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के संज्ञान में आया, उन्होंने बिना विलंब इसे स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना दोनों प्रमुख शहरों के बीच आवागमन को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगी।
### **लखनऊ के लिए मिली नई सौगात**
अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान में **लखनऊ में बढ़ते ट्रैफिक जाम**, विशेषकर एयरपोर्ट जाने वाले मार्ग पर, लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से **लखनऊ एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड तक शहीद पथ पर लगभग 23 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर** के निर्माण का आग्रह किया।
राजनाथ सिंह ने बताया कि **नितिन गडकरी ने इस प्रस्ताव को तत्काल स्वीकृति प्रदान कर दी।**
### **एलिवेटेड रोड के ऊपर चलेगी मेट्रो**
रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने एक और महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए एलिवेटेड कॉरिडोर के ऊपर **मेट्रो रेल संचालन** की भी मांग की, ताकि भविष्य में लखनऊवासियों को यातायात की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को भी सिद्धांततः स्वीकृति मिल गई है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के साकार होने से लखनऊ की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा, यात्रा का समय कम होगा और राजधानी की कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। साथ ही प्रदेश के औद्योगिक, व्यापारिक और आर्थिक विकास को भी बड़ा बल मिलेगा।




























Comments