लखनऊ से भाजपा का 2027 मिशन तेज: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन को दिया एकजुटता का मंत्र, बोले— हर घर तक पहुंचे सरकार की उपलब्धियां
अन्य खबरे Jul 04, 2026 at 07:45 PM , 28लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को तेज करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने का संकेत दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लखनऊ में प्रदेश और जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा।
बैठक में नितिन नवीन ने स्पष्ट कहा कि सभी पदाधिकारी जिलों में नियमित प्रवास करें, जनता के बीच जाएं और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएं। उन्होंने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां अभी से तेज करने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद, गिले-शिकवे और विवाद भुलाकर संगठन हित में एकजुट होकर कार्य करने की नसीहत दी। उन्होंने संगठन में समन्वय और अनुशासन पर विशेष जोर दिया।
बैठक से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ स्थित हनुमान सेतु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी दर्शन-पूजन किया।
इसके बाद नितिन नवीन ने शहर की प्रसिद्ध शर्मा चाय की दुकान पर चाय की चुस्कियों के बीच मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का राजनीतिक बिगुल बज चुका है और "चाय" देश के हर घर से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी एक चाय बेचने वाले परिवार से निकलकर देश के प्रधानमंत्री बने और जिन लोगों ने कभी उनका मजाक उड़ाया था, आज वे राजनीतिक हाशिए पर हैं। इसलिए आज कोई भी चाय बेचने वाले का मजाक नहीं उड़ाता।
योगी सरकार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के विकास का नेतृत्व करने वाला राज्य बन रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्री मिलकर प्रदेश को "उत्तम प्रदेश" बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा से देश में नई पहचान बना रहे हैं तथा प्रदेश में नौ लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार और संगठन मिलकर साकार करेंगे। नितिन नवीन ने कहा कि प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन की टीम बेहतर तालमेल के साथ काम कर रही है और आने वाले समय में पार्टी जनता के बीच अपनी उपलब्धियों को और व्यापक स्तर पर लेकर जाएगी।






























Comments