मुख्यमंत्री योगी ने किया नौवें तीन दिवसीय आम महोत्सव-2026 का शुभारंभ

जनपत की खबर , 25

लखनऊ, 4 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नौवें तीन दिवसीय आम महोत्सव-2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने 'आम महोत्सव-2026' की स्मारिका का विमोचन किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील बागवानों को सम्मानित भी किया।

उत्तर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने महोत्सव के सफल आयोजन में मुख्यमंत्री के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में 800 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं, जो बच्चों, किसानों और आम नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।

उन्होंने बताया कि महोत्सव का आयोजन तीन स्थानों—इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, मलिहाबाद के बागानों तथा जनभवन—में किया गया है। इसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, बागवानी को प्रोत्साहन देना तथा उत्तर प्रदेश के औद्यानिक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है।

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि उद्यान विभाग ने आम की गुणवत्ता सुधारने के लिए पेपर बैग तकनीक अपनाई है। साथ ही निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड का गठन, हाई-टेक नर्सरियों की स्थापना तथा कमल सहित अन्य उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देने जैसे अनेक नवाचार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में हाई-टेक नर्सरियों के माध्यम से वितरित पौधों की संख्या 74 लाख से बढ़कर 29 करोड़ हो गई है।

उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में रूफ टॉप गार्डनिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे हरित वातावरण विकसित होगा तथा कार्बन डाइऑक्साइड के अवशोषण में भी सहायता मिलेगी। 'मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना' तथा मंडल स्तर पर आयोजित तकनीकी गोष्ठियों के माध्यम से कम क्षेत्रफल में अधिक मूल्य देने वाली फसलों, विशेषकर औषधीय पौधों, की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उद्यान मंत्री के अनुसार, राज्य की केवल 9 प्रतिशत भूमि पर होने वाली औद्यानिक खेती से कुल कृषि उत्पादन में लगभग 42 प्रतिशत योगदान प्राप्त हो रहा है, जबकि शेष 91 प्रतिशत कृषि भूमि का योगदान 58 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के आम सहित अन्य औद्यानिक उत्पाद अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, जर्मनी, रूस, कतर, मलेशिया, सिंगापुर, न्यूजीलैंड, इटली, नीदरलैंड, ओमान, नेपाल, थाईलैंड, बहरीन, मॉरीशस, कुवैत, बेल्जियम, स्वीडन तथा अन्य देशों को निर्यात किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आम और शहद उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी है तथा 'काशी शहद' की ब्रांडिंग कर उसे वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही मखाना, खजूर, कमल, स्ट्रॉबेरी और ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों की खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि उद्यान विभाग ने अपने 50 वर्षों के इतिहास में अभूतपूर्व प्रगति की है और विभाग के प्रयासों से किसानों की आय बढ़ने के साथ-साथ प्रदेश सरकार का सम्मान भी बढ़ा है।

उन्होंने बताया कि लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुई एक दुखद घटना के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आम महोत्सव के अंतर्गत प्रस्तावित सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भारतीय संस्कृति एवं संवेदनशील परंपराओं के अनुरूप लिया गया है।

Related Articles

Comments

Back to Top