पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

जनपत की खबर , 24

लखनऊ। आगामी पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी. ने संयुक्त पुलिस आयुक्त के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन परीक्षण किया गया।
 
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा।
 
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने भी सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
 
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश भी दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
 
जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें तथा परीक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन करें।

Related Articles

Comments

Back to Top