जोन-8 में अधिकारियों और सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक, सुबह 8 से 9 बजे तक देनी होगी उपस्थिति रिपोर्ट

राष्ट्रीय , 19

लखनऊ: भारत जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए मंगलवार को नगर निगम जोन-8 में अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में मकान सूचीकरण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना है। नगर आयुक्त के माध्यम से सभी कर्मचारियों को अवगत कराया गया कि जनगणना कार्य राष्ट्रीय महत्व का दायित्व है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) के प्रगणकों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें और लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि सभी सुपरवाइजर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 9 बजे के बीच अपने अधीनस्थ प्रगणकों की उपस्थिति एवं कार्य प्रगति की रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। इसके लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अलग-अलग सर्किलों में तैनाती भी की गई है, जो फील्ड में जाकर कार्य का सत्यापन करेंगे और अनुपस्थिति अथवा लापरवाही की सूचना उच्चाधिकारियों को देंगे।
बैठक में मौजूद प्रगणकों ने कार्य के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने नगर निगम के कुछ कर्मचारियों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की शिकायत भी की। साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर सर्वेक्षण और सूचीकरण कार्य में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों से अवगत कराया। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
जोनल/चार्ज अधिकारी विकास सिंह ने कहा कि मकान सूचीकरण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि जनगणना-2027 के प्रथम चरण का लक्ष्य निर्धारित समय के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
बैठक में जोन-8 के अन्य अधिकारी, कर्मचारी तथा सभी सुपरवाइजर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top