जनगणना कार्य में तेजी लाने के लिए नगर निगम जोन आठ की अहम बैठक

राष्ट्रीय , 13

10 जून तक हर हाल में पूरा करें मकान सूचीकरण कार्य, नगर निगम ने प्रगणकों को दिए सख्त निर्देश


लखनऊ। लखनऊ नगर निगम के जोन-8 कार्यालय में मंगलवार को जनगणना एवं मकान सूचीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि मकान सूचीकरण (House Listing & Housing Census) का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि नगर आयुक्त द्वारा सभी संबंधित कर्मचारियों को अवगत कराया गया है कि जिलाधिकारी ने मकान सूचीकरण का समस्त कार्य 10 जून 2026 तक पूर्ण करना अनिवार्य किया है। इसके मद्देनजर सभी प्रगणकों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य की गति बढ़ाने और लंबित कार्यों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि सभी सुपरवाइजर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 9 बजे के बीच अपने अधीन कार्यरत प्रगणकों की उपस्थिति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि कार्य की नियमित निगरानी की जा सके।
बैठक के दौरान सुपरवाइजरों ने भी अपने अनुभव साझा किए और नगर निगम के विभिन्न विभागों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्रीय स्तर पर कार्य निष्पादन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और चुनौतियों से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करने की बात कही।
बैठक में जोनल चार्ज अधिकारी विकास सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं सभी सुपरवाइजर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना और मकान सूचीकरण जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्त करना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Related Articles

Comments

Back to Top