यूपी एसटीएफ को बड़ी सफलता, महाराष्ट्र में हत्या के मामले में वांछित दो आरोपी प्रयागराज से गिरफ्तार

अन्य खबरे , 18

**लखनऊ।** उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (यूपी एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित दो आरोपियों को एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रयागराज में छिपे हुए थे।
 
**अरैल सेल्फी पॉइंट से हुई गिरफ्तारी**
 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कनौजिया और अमित सिंह के रूप में हुई है। दोनों को 9 अक्टूबर 2026 की रात प्रयागराज के नैनी थाना क्षेत्र स्थित अरैल सेल्फी पॉइंट से गिरफ्तार किया गया। दोनों महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कापूरबावड़ी थाने में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित थे।
 
**चुनावी रंजिश में हत्या का आरोप**
 
आरोप है कि 29 सितंबर 2026 को ठाणे में ब्लॉक प्रमुख/कॉरपोरेटर चुनाव से जुड़ी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर तमंचे से फायरिंग करने और चापड़ से गर्दन पर वार करने की बात स्वीकार की।
 
**तीन अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार**
 
इस हत्याकांड में पुलिस पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, मामले में वांछित संतोष कनौजिया और अमित सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रयागराज आ गए थे। उनकी गिरफ्तारी के बाद अब महाराष्ट्र पुलिस दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र ले जाने की प्रक्रिया में जुटी है, ताकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top