शहजाद भट्टी और ISI के संपर्क में थे आरोपी, पुलिस थानों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर हमले की थी तैयारी
जनपत की खबर May 06, 2026 at 08:55 PM , 24लखनऊ। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार कर पाकिस्तान समर्थित आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशीनगर निवासी कृष्णा मिश्रा और बाराबंकी निवासी दानियाल अशरफ के रूप में हुई है। एटीएस के अनुसार दोनों आरोपी पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर काम कर रहे थे।
एटीएस को खुफिया इनपुट मिला था कि दोनों आरोपी सोशल मीडिया और वीडियो कॉल के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में हैं तथा उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, पुलिस थानों और चौकियों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे हैं। इसके बाद एटीएस ने कार्रवाई करते हुए कृष्णा मिश्रा को गोरखपुर से और दानियाल अशरफ को बाराबंकी से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के बीच हुई वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग भी बरामद हुई है। एटीएस को पाकिस्तान स्थित हैंडलरों और आरोपियों के बीच ग्रुप कॉल के सबूत भी मिले हैं। इसके अलावा कई विदेशी नंबरों से हुई बातचीत का ब्यौरा भी जांच एजेंसियों के हाथ लगा है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दानियाल अशरफ ने पाकिस्तान स्थित हैंडलरों से हथियार और पैसों की मांग की थी। एजेंसियों को आशंका है कि उन्हीं हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने में किया जाना था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पाकिस्तान से जुड़े हम्माद नामक व्यक्ति ने गैंगस्टर आबिद जाट की पीडीएफ फोटो दानियाल को भेजी थी, जिसे संवेदनशील स्थानों पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए थे।
एटीएस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्तौल, 9 एमएम के जिंदा कारतूस, 315 बोर का तमंचा, मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। एटीएस जल्द ही दोनों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी, ताकि इनके नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और अन्य संभावित सहयोगियों का पता लगाया जा सके।
इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने प्रदेश में संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ा दी है और संभावित खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।































Comments