लखनऊ में संवाददाता समिति का भव्य शपथ ग्रहण समारोह, निष्पक्ष पत्रकारिता और संगठन मजबूती का संकल्प
अन्य खबरे Apr 04, 2026 at 09:05 PM , 31लखनऊ। पत्रकारिता के उच्च आदर्शों को समर्पित वातावरण में उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के निर्वाचित पदाधिकारियों का प्रथम शपथ ग्रहण समारोह राजभवन (जनभवन) के समक्ष स्थित विश्वेश्वरैया हाल में अत्यंत भव्य एवं गरिमामयी ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम महान पत्रकार पुरोधाओं गणेश शंकर विद्यार्थी एवं बाबूराव विष्णु पराड़कर के आदर्शों को समर्पित रहा। समारोह में पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ, जिससे पूरे वातावरण में शालीनता और गरिमा का संचार हुआ। सूचना विभाग की अयोध्या से आई सांस्कृतिक टीम ने लोक रंगों से भरपूर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। लोक गायिका प्रकृति यादव के नेतृत्व में कलाकारों ने लोकगीतों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे समारोह में जीवंतता और सांस्कृतिक समरसता का सुंदर संदेश प्रसारित हुआ।
समिति के संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारों के सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुनर्गठित समिति के गठन के पीछे की भावनाओं को साझा करते हुए बताया कि राज्य मुख्यालय और लखनऊ जनपद के पत्रकारों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से इस समिति का गठन किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नई टीम पूरे समर्पण के साथ पत्रकार हितों के लिए कार्य करेगी और किसी भी पत्रकार को आर्थिक नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रमुख सचिव सूचना संजय प्रसाद और सूचना निदेशक विशाल सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद बैजनाथ रावत, विशिष्ट अतिथि शीशराम सिंह रवि तथा मुख्य वक्ता एमएलसी पवन सिंह चौहान ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित को पत्रकारिता का मूल आधार बताते हुए पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
समिति के अध्यक्ष के रूप में शेखर पंडित, महासचिव ज्ञानेश पाठक, कोषाध्यक्ष विक्रम राव तथा उपाध्यक्षों में अमन अग्रवाल, जितेन्द्र कुमार सिंह यादव और कृष्ण कुमार सिंह (के.के.) ने शपथ ली। संयुक्त सचिव के रूप में राजू यादव, अर्चना गुप्ता, दीपक अवस्थी और लखन लाल मिश्रा शामिल रहे। कार्यकारिणी सदस्यों ने भी संगठन के प्रति निष्ठा और जिम्मेदारी का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा नेता मनीष गुप्ता, संपादक ममता त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार अजय श्रीवास्तव और सतीश प्रधान ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन की एकजुटता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता पर बल दिया।
संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने बताया कि समिति के पदाधिकारियों की शीघ्र ही राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात प्रस्तावित है, जिसके बाद मुख्यमंत्री से भेंट कर पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को रखा जाएगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन विक्रम राव द्वारा किया गया। अंत में संगठन को सशक्त बनाने और पत्रकारिता के मूल्यों को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ समारोह का समापन हुआ, जिसने उपस्थित पत्रकारों में नई ऊर्जा और जनसेवा की भावना का संचार किया।



























Comments