एनेक्सी गेट बंद होने से सड़क पर हुआ पत्रकारों का चुनाव, शेखर पंडित अध्यक्ष निर्वाचित
जनपत की खबर Mar 25, 2026 at 10:12 PM , 112लखनऊ, 25 मार्च।
उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) का चुनाव बुधवार को अभूतपूर्व परिस्थितियों में संपन्न हुआ। एनेक्सी मीडिया सेंटर में प्रस्तावित मतदान अचानक गेट बंद कर दिए जाने के कारण सड़क पर ही आयोजित करना पड़ा। तपती धूप में सैकड़ों पत्रकारों ने शांतिपूर्ण तरीके से मतदान किया और मतगणना भी सड़क पर ही पूरी की गई।
बताया जा रहा है कि प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन के आदेश के बावजूद एनेक्सी परिसर में चुनाव प्रक्रिया को बाधित करते हुए देर रात गेट बंद करा दिए गए। इसके चलते पत्रकारों को मजबूरन सड़क पर चुनाव कराना पड़ा। यह पूरा घटनाक्रम अब जांच का विषय बन गया है।
निर्वाचन अधिकारी उमेश चंद्र मिश्रा, अजीत सिंह, सर्वजीत सिंह ‘सूर्यवंशी’, रवि शंकर उपाध्याय और उमाकांत की देखरेख में संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने सुबह 11 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू कराई, जो शाम 4 बजे तक संपन्न हुई।
मुख्य पदों पर विजेता
अध्यक्ष: शेखर पंडित (78 वोट)
महासचिव: ज्ञानेश पाठक (52 वोट)
कोषाध्यक्ष: विक्रम राव (41 वोट)
उपाध्यक्ष (3 पद)
अमन अग्रवाल (129 वोट)
जीतेन्द्र कुमार सिंह यादव (90 वोट)
कृष्णा कुमार सिंह (28 वोट)
संयुक्त सचिव (3 पद)
राजू यादव (97 वोट)
अर्चना गुप्ता (52 वोट)
दीपक अवस्थी एवं लखन लाल मिश्रा (दोनों को 49-49 वोट, संयुक्त रूप से निर्वाचित घोषित)
कार्यकारिणी सदस्य (12 विजेता)
सुरेंद्र कुमार दुबे, अनिल तिवारी, लक्ष्मी कांत तिवारी, खालिद सिद्दीक़ी, सुभाष चंद्र मिश्रा, विवेक कुमार शुक्ल, धनंजय सिंह, शीतला प्रसाद, बलराम गुप्ता, बबिता ओबरॉय, सिया राम यादव और सुजीत द्विवेदी विजयी घोषित किए गए।
चुनाव की सबसे खास बात यह रही कि सड़क पर मतदान और मतगणना के बावजूद यातायात प्रभावित नहीं हुआ और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकारों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही शपथ ग्रहण समारोह आयोजित कर वरिष्ठ पत्रकारों की पेंशन सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम में एनेक्सी गेट बंद किए जाने के पीछे की वजह क्या थी, यह सवाल अब भी बना हुआ है और जांच की मांग तेज हो गई है।































Comments