समाचार पत्रों को जीएसटी मुक्त करने की मांग, वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी से मिले संवाददाता समिति के संयोजक
राष्ट्रीय Jan 14, 2026 at 05:04 PM , 152लखनऊ।
आज राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने देश के वित्त राज्यमंत्री श्री पंकज चौधरी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने देश में प्रकाशित सभी समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं पर लगाए जा रहे जीएसटी को पूर्ण रूप से समाप्त कर शून्य स्लैब में लाने की मांग करते हुए एक लिखित अनुरोध पत्र सौंपा। संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने मांग की कि समाचार पत्रों में उपयोग होने वाले कागज तथा समाचार पत्रों और पत्रिकाओं पर लगाए जा रहे जीएसटी को पूरी तरह से समाप्त किया जाए। इस पर वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने आश्वासन दिया कि वे इस विषय पर गंभीरता से विचार करेंगे और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण से विचार-विमर्श कर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे। प्रभात त्रिपाठी ने बताया कि देश और प्रदेशों से प्रकाशित हो रहे लघु एवं मध्यम समाचार पत्र और पत्रिकाएं गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही हैं और अनेक प्रकाशन बंदी के कगार पर पहुंच चुके हैं। समाचार पत्रों को बंद होने से बचाने के लिए सरकार को तत्काल प्रभाव से उन पर लगाए गए जीएसटी को समाप्त करना चाहिए, क्योंकि समाचार पत्र व्यापार नहीं बल्कि समाज सेवा का माध्यम हैं। मांग पत्र की एक-एक प्रति केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव तथा भारत सरकार के प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष को भी भेजी जा रही है। इस अवसर पर प्रभात त्रिपाठी ने समिति की ओर से वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी को लाल बहादुर शास्त्री भवन एनेक्सी मीडिया सेंटर, लखनऊ आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे मंत्री ने स्वीकार करते हुए कहा कि लोकसभा के बजट सत्र के बाद वे एनेक्सी मीडिया सेंटर अवश्य आएंगे। मुलाकात के दौरान समिति के तकनीकी सलाहकार अजीत सिंह और सदस्य उमाकांत वाजपेई भी उपस्थित रहे।






























Comments