तहसील स्तरीय दिव्यांग खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव : 100 से अधिक बच्चों ने दिखाया प्रतिभा का जलवा

जनपत की खबर , 129

लखनऊ।
समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समावेशी शिक्षा के तहत आज दिनांक 26 नवंबर 2025 को पूर्व माध्यमिक विद्यालय आलमबाग, जोन-1 में तहसील स्तरीय दिव्यांग बच्चों के खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के सभी 4 जोनों सहित चिनहट से आए 80 दिव्यांग बच्चों और 20 सामान्य बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसमें दिव्यांग बच्चों के साथ विशेष शिक्षक और अभिभावक शामिल रहे। इसके पश्चात खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा, जिला समन्वयक समावेशी शिक्षा संदीप तिवारी, तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या द्वारा देवी सरस्वती का माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। डॉ. मिश्रा ने बच्चों को आशीर्वचन देकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।

मुख्य अतिथि के समक्ष बेसिक विद्यालय अलीनगर सुनहरा के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत ने सभी का मन मोह लिया। सूक्ष्म जलपान के बाद विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ स्पेशल एजुकेटर्स आकाश, संजीव मिश्रा, संतोष सिंह और अरविंद शर्मा के संचालन में किया गया।

आज आयोजित कुल 12 प्रतियोगिताओं में बच्चों का उत्साह देखने लायक था। प्रतियोगिताओं के प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे—

50 मीटर दौड़: मोहम्मद बिलाल (प्राथमिक विद्यालय सहादतगंज) – प्रथम

रंगोली: वंश (बेसिक विद्यालय मल्टी स्टोरी) – प्रथम

मेंढक दौड़: अरहान (प्रा. वि. सराय हसनगंज) – प्रथम

व्हीलचेयर रेस: यशी (पूर्व माध्यमिक विद्यालय आलमबाग) – प्रथम

म्यूजिकल चेयर: बाबुल – प्रथम

मेहंदी प्रतियोगिता: नैंसी (अलीनगर सुनहरा) – प्रथम

छूकर पहचानो: दृष्टिबाधित छात्र अमन कुमार (प्रा. वि. फैजुल्लागंज) – प्रथम

100 मीटर दौड़: कृष्ण (पूर्व माध्यमिक विद्यालय आलमबाग) – प्रथम

सुलेख: वंश (बेसिक विद्यालय मल्टी स्टोरी) – प्रथम

चित्रकला: पायल (पूर्व माध्यमिक विद्यालय रायपुर, चिनहट) – प्रथम


सभी प्रतियोगिताओं में विजेताओं एवं प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के समापन पर खंड शिक्षा अधिकारी (जोन-1) डॉ. पूनम मिश्रा ने सभी बच्चों को आशीर्वचन व पुरस्कार प्रदान किए। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

आज के विजयी प्रतिभागी 3 दिसंबर 2025 को बेसिक विद्यालय सरोसा-भरोसा में होने वाली जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में स्पेशल एजुकेटर्स आकाश, संजीव मिश्रा, संतोष सिंह, अरविंद दत्त शर्मा, वंदना वर्मा, चारू बंसल, मनीष कुमार, मुकेश सिंह, योगेंद्र पटेल, नेहा श्रीवास्तव तथा वार्ड संसाधन केंद्र हजरतगंज के स्टाफ उत्कर्ष, रूबल औरर राजू का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Related Articles

Comments

Back to Top