लोक निर्माण विभाग में आयोजित हुआ पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम
अन्य खबरे Nov 12, 2025 at 08:35 PM , 172लखनऊ, 12 नवम्बर 2025।
स्टेट हेल्थ एजेंसी (SACHIS), उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार, 11 एवं 12 नवम्बर 2025 को लोक निर्माण विभाग (PWD), उत्तर प्रदेश में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम श्रीमती अर्चना वर्मा (आईएएस), मुख्य कार्यपालक अधिकारी, साचीज़ के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विभागीय कंप्यूटर ऑपरेटरों को स्टेट हेल्थ कार्ड बनाने की प्रक्रिया में दक्ष बनाना तथा योजना से संबंधित तकनीकी जानकारी और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को योजना की पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया, ई-केवाईसी (e-KYC) एवं स्टेट हेल्थ कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योजना के विभिन्न पहलुओं की गहन जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षकों द्वारा योजना से जुड़ी प्रक्रियाओं, लाभों और कार्ड के उपयोग से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी गई ताकि प्रत्येक सरकारी सेवक योजना का अधिकतम लाभ उठा सके।
इस अवसर पर श्री अशोक कुमार द्विवेदी, विभागाध्यक्ष (PWD) ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह योजना राज्य सरकार की एक अत्यंत कल्याणकारी पहल है, जो सरकारी सेवकों एवं सेवानिवृत्त सरकारी कर्मियों के लिए निःशुल्क एवं कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे शीघ्र अपना स्टेट हेल्थ कार्ड बनवाएं और अपने परिवार सहित इस योजना का लाभ प्राप्त करें।
साचीज़ द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राज्य के सभी विभागों में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर अपने-अपने जनपदों में प्रशिक्षण प्रदान कर लक्ष्यानुसार स्टेट हेल्थ कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें और सभी पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।



























Comments