उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) का प्रथम स्थापना दिवस धूमधाम से सम्पन्न
जनपत की खबर Sep 19, 2025 at 05:30 PM , 159दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि, पेंशन और चिकित्सा सुविधाओं की उठी मांग
पत्रकारों की समस्याओं के समाधान हेतु हरसंभव सहयोग देगा सूचना विभाग :विशाल सिंह
पत्रकारिता के मूल्यों और चुनौतियों पर हुआ मंथन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) का प्रथम स्थापना दिवस आज लोक निर्माण विभाग, राजभवन के सामने स्थित विश्वेश्वरैया सभागार में बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ महापौर सुषमा खर्कवाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया, वहीं मंजू माही की गणेश वंदना ने वातावरण को मंगलमय बना दिया। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों पत्रकारों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पत्रकारिता जनता की सच्ची आवाज़ बनकर उभरती है। पत्रकारिता समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ अधिकारियों की कमियों को उजागर करती है,यही सच्ची पत्रकारिता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आइना हैं और पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज सेवा का पवित्र माध्यम है।
समारोह को स्वतंत्रता संग्राम के महान पुरोधा गणेश शंकर विद्यार्थी और बाबूराव विष्णु पराड़कर की स्मृति को समर्पित किया गया, जिन्होंने अपनी कलम से अंग्रेजी हुकूमत को ललकारा था।
विशिष्ट अतिथि एवं उत्तर प्रदेश के सूचना निदेशक श्री विशाल सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि पत्रकार समाज की नब्ज़ पहचानने वाले सशक्त कलमवीर हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना विभाग पत्रकारों की समस्याओं के समाधान हेतु हरसंभव सहयोग और सहयोगात्मक वातावरण प्रदान करेगा। आगे उन्होंने भावनात्मक स्वर में कहा कि पत्रकारों के कार्यक्रम में उन्हें अतिथि नहीं बल्कि मेजबान के रूप में देखा जाए, जिससे सभागार का पूरा वातावरण आत्मीयता और गरिमा से परिपूर्ण हो उठा।
वरिष्ठ पत्रकार भास्कर दुबे ने समिति की भावी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पत्रकारों की स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष तेज किया जाएगा।
समिति के संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारों की पेंशन व्यवस्था को नियमित और पारदर्शी बनाने तथा पीजीआई में पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई है। उन्होंने कहा कि पत्रकार केवल खबरें नहीं लिखते, बल्कि समाज की अवाम की आवाज बनकर जनता की समस्याओं को सामने लाते हैं। ऐसे में सरकार और संस्थाओं का दायित्व है कि उन्हें निडर और सुरक्षित वातावरण मिले।
पूर्व प्रेस काउंसिल सदस्य रजा रिज़वी ने कहा कि पत्रकारों की असली ताकत उनकी एकजुटता है और यही एकता उनके अधिकारों की रक्षा कर सकती है।
इस अवसर पर दिवंगत पत्रकार धीरेंद्र श्रीवास्तव के परिवार को सम्मान और सहयोग राशि में 11000 रुपए एवं वस्त्र प्रदान किया गया । समिति ने निर्णय लिया कि भविष्य में दिवंगत पत्रकारों के परिवारों को सहयोग और सम्मानित करने की परंपरा को जारी रखा जाएगा।
दूरदर्शन के अधिकारी आत्म प्रकाश मिश्र ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है, जो न केवल जनता की आवाज़ बनती है बल्कि शासन-प्रशासन की खामियों को उजागर कर समाज को नई दिशा देती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व सांसद शीशराम सिंह रवि ने पत्रकारों के मानदेय और पारिश्रमिक को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि पत्रकारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पत्रकारों की समस्याओं को लेकर मुलाकात करेंगे।
समापन सत्र में प्रशासनिक सलाहकार शेखर श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए कहा कि पत्रकारों के हितों की मांगें लगातार मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जा रही हैं। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अजीत कुमार सिंह, अजय श्रीवास्तव, उमेश चंद्र मिश्रा, सर्वजीत सूर्यवंशी, दया विष्ट, हरजीत सिंह बाबा,धनंजय सिंह,परमजीत सिंह, विजय प्रकाश शुक्ला समेत लखनऊ व प्रदेशभर के सैकड़ों पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विक्रम राव ने किया।




































Comments