*मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अन्तर्गत गठित राज्य स्तरीय स्वीकृति समिति की बैठक संपन्न*
अन्य खबरे Feb 25, 2025 at 10:58 PM , 697*कृषि विभाग के गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण करने पर वर्ष 2025-26 में विभिन्न कार्यक्रम होंगे आयोजित*
*दिनांक: 25 फरवरी, 2025*
*लखनऊ:* मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री-राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (PM-RKVY) के अन्तर्गत गठित राज्य स्तरीय स्वीकृति समिति (SLSC) की 38वीं बैठक आयोजित की गई।
मुख्य सचिव ने योजना की घटकवार प्रगति की समीक्षा की एवं योजना के व्यय की प्रगति 95 प्रतिशत पर सन्तोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के स्तर से प्राप्त केन्द्रॉश की द्वितीय एवं तृतीय किश्त की धनराशि के व्यय हेतु प्रभावी प्रयास किये जाएं। उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण करने पर वर्ष 2025-26 में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायें।
समिति के समक्ष कृषि एवं सम्वर्गीय विभागों के 1883.15 करोड़ रुपए के परियोजना प्रस्ताव प्रस्तुत किये गये। समिति द्वारा कृषि क्षेत्र में कृषि उत्पादन वृद्धि एवं किसानों की आय में वृद्धि के लिए उपयोगी महत्वपूर्ण परियोजनाएं अनुमोदित की गयी।
पी०एम० आर०के०वी०वाई० के ए०ए०पी० घटकों यथा स्वायल हेल्थ एवं फर्टिलिटी प्रोग्राम, रेनफेड एरिया डेवेलपमेन्ट स्कीम, परम्परागत कृषि विकास योजना, एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन, क्राप रेजीडयू मैनेजमेन्ट, माइक्रो इरीगेशन एवं खेत तालाब, एग्रीफोरस्ट्री तथा क्राप डायवर्सीफिकेशन प्रोग्राम आदि के लिए 1225.73 करोड़ रुपए की कार्ययोजनाएं वर्ष 2025-26 हेतु अनुमोदित की गयी।
इसी प्रकार प्राकृतिक खेती योजनान्तर्गत 02 वर्षों में प्रदेश के प्रदेश के 75 जनपदों में गंगा एवं स्थानीय नदियों के दोनों तरफ 05 कि०मी० की परिधि में 94300 हे० क्षेत्र हेतु 1886 क्लस्टरों में कार्य कराने हेतु 270.62 करोड़ रुपए की योजना अनुमोदित की गयी।
बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश कृषि विभाग का गठन वर्ष, 1875 में हुआ था तथा वर्ष 1919 में कृषि विभाग एक स्वतन्त्र विभाग के रूप में स्थापित हुआ। वर्ष 2025 को बीज वर्ष के रूप में मनाया जायेगा।
कृषि उन्नति के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सस्टेनिंग हेरिटेज, कल्टिवेटिंग फ्यूचर (भविष्य को विकसित करने वाली विरासत को कायम रखना) पर मुख्य फोकस रखा जायेगा। वर्ष 2025 कृषकों के उत्थान के लिए पूर्णतया समर्पित रहेगा।
यह भी बताया गया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 हेतु घटकवार एलोकेटेड केन्द्रॉश की धनराशि 964.83 करोड़ रुपए का एलोकेशन प्राप्त हुआ है, जो कि गत वर्ष की तुलना में 41 प्रतिशत अधिक है।
बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती मोनिका एस. गर्ग, प्रमुख सचिव कृषि श्री रवीन्द्र, प्रमुख सचिव उद्यान श्री बाबू लाल मीना, प्रमुख सचिव दुग्ध विकास श्री के0रवीन्द्र नायक, आरकेवीवाई के नोडल अधिकारी श्री आर0के0 सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
-------------------------



























Comments