“बच्चों को मोबाइल नहीं, संस्कार दें” — गोरखपुर महोत्सव में सीएम योगी की बड़ी चेतावनी, ट्रैफिक नियमों के पालन का भी किया आह्वान

लखनऊ , 97

लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों में बढ़ती मोबाइल निर्भरता और सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा संदेश दिया है। मंगलवार को गोरखपुर महोत्सव में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि छोटे बच्चों को स्मार्टफोन देने से बचें, क्योंकि यह उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
सीएम योगी ने कहा कि कम उम्र में मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बच्चे डिप्रेशन, चिड़चिड़ेपन और एकाग्रता की कमी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को पढ़ाई, खेलकूद, योग और अच्छी आदतों की ओर प्रेरित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कारयुक्त परवरिश ही स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव है।
मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग जानलेवा हो सकता है। वाहन चालक मोबाइल फोन साइलेंट मोड में रखें और ड्राइविंग के दौरान कॉल या मैसेज से दूरी बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अच्छी सड़कें सुविधा और सुरक्षित यात्रा के लिए होती हैं, न कि नियम तोड़कर तेज रफ्तार या लापरवाही से वाहन चलाने के लिए।
सीएम योगी ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने लोगों से हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सड़क सुरक्षा, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और जनजागरूकता के माध्यम से दुर्घटनाओं को कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन इसमें समाज की सहभागिता भी उतनी ही जरूरी है।

Related Articles

Comments

Back to Top