वीबी-जी राम जी अधिनियम 2025 से गांव, गरीब और किसान होंगे सशक्त: लखनऊ में एनडीए कार्यशाला में नेताओं का आह्वान
लखनऊ Jan 13, 2026 at 09:15 PM , 112लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी वीबी-जी राम जी अधिनियम 2025 के माध्यम से गांव, गरीब और किसान के चहुंमुखी विकास, आर्थिक उन्नति और समृद्धि के संकल्प को लेकर गांव-गांव, गली-मजरे और चौपालों तक जनसंवाद अभियान चलाएगी। इसी क्रम में मंगलवार को राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एनडीए की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री किरेन रिजिजू, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री श्री ओमप्रकाश धनखड़, उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य एवं श्री ब्रजेश पाठक, सुभासपा अध्यक्ष एवं मंत्री श्री ओमप्रकाश राजभर तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष श्री संतोष सिंह ने किया।
वीबी-जी राम जी ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास का रोडमैप: किरेन रिजिजू
केंद्रीय मंत्री श्री किरेन रिजिजू ने कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना तभी साकार होगा जब ग्रामीण भारत सशक्त बनेगा। वीबी-जी राम जी अधिनियम इसी सोच की मजबूत नींव है। यह केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि स्थायी इंफ्रास्ट्रक्चर, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल मैदान और सामुदायिक सुविधाओं के साथ पारदर्शी व तकनीक आधारित विकास मॉडल है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रगति ही देश की प्रगति है। आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और जनसुरक्षा में ऐतिहासिक सुधार हुए हैं। विपक्ष भ्रम और झूठे नैरेटिव फैलाने का काम कर रहा है, लेकिन वीबी-जी राम जी किसी का अधिकार छीनने का नहीं, बल्कि हर गांव और परिवार को सशक्त बनाने का अभियान है।
भ्रष्टाचार का अंत और गांवों का उत्थान करेगा वीबी-जी राम जी: पंकज चौधरी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी ने कहा कि वीबी-जी राम जी मजदूर, किसान और ग्रामीण विकास का मंत्र है। इस अधिनियम के तहत ग्रामीण परिवारों को हर वर्ष 125 दिन के रोजगार की गारंटी मिलेगी, जबकि वन क्षेत्रों में कार्य करने वालों को 25 दिन अतिरिक्त रोजगार मिलेगा। साप्ताहिक भुगतान की व्यवस्था इसे मनरेगा से अलग और अधिक प्रभावी बनाती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। यह सरकार की नीतियों की सफलता और गरीब के प्रति संवेदनशीलता का प्रमाण है।
गांव मजबूत होंगे तो राष्ट्र मजबूत बनेगा: ओमप्रकाश धनखड़
राष्ट्रीय मंत्री श्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है। वीबी-जी राम जी कानून रोजगार के साथ स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण कर गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ता है। तकनीक आधारित निगरानी से पारदर्शिता बढ़ेगी और सही लाभार्थी को समय पर मेहनताना मिलेगा।
मनरेगा में लूट, वीबी-जी राम जी में पारदर्शिता: केशव प्रसाद मौर्य
उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मनरेगा के नाम पर कांग्रेस ने लूट की, जबकि वीबी-जी राम जी गरीबों को अधिक काम, समय पर भुगतान और डीबीटी के माध्यम से सीधा लाभ देता है। इस योजना में बायोमेट्रिक सत्यापन, जीआईएस आधारित मोबाइल ऐप और फेस रीडिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग होगा, जिससे पलायन रुकेगा और गांवों का विकास होगा।
गरिमा, विकास और विश्वास का संगम है वीबी-जी राम जी: ब्रजेश पाठक
उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह कानून ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाकर 2047 तक भारत को विश्व की अग्रणी विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ठोस कदम है।
जनजागरण अभियान के रूप में पहुंचेगा वीबी-जी राम जी: धर्मपाल सिंह
प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश व जिला स्तर पर कार्यशालाओं, मंडल सम्मेलनों, श्रमिक चौपालों, किसान संगोष्ठियों, पद यात्राओं और घर-घर संपर्क के माध्यम से वीबी-जी राम जी के लाभों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। मनरेगा और वीबी-जी राम जी के अंतर को तथ्यों के साथ जनता के सामने रखा जाएगा।































Comments